Samachar Nama
×

दिल्ली पुलिस ने कुछ ही घंटों में लूट का मामला सुलझाया, दो बदमाश गिरफ्तार

नई दिल्ली, 22 मार्च (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-1 थाना पुलिस ने एक सराहनीय कार्रवाई करते हुए लूट के एक मामले को कुछ ही घंटों में सुलझा लिया। पुलिस ने इस मामले में दो आदतन अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है।
दिल्ली पुलिस ने कुछ ही घंटों में लूट का मामला सुलझाया, दो बदमाश गिरफ्तार

नई दिल्ली, 22 मार्च (आईएएनएस)। पूर्वी दिल्ली के मयूर विहार फेज-1 थाना पुलिस ने एक सराहनीय कार्रवाई करते हुए लूट के एक मामले को कुछ ही घंटों में सुलझा लिया। पुलिस ने इस मामले में दो आदतन अपराधियों को गिरफ्तार किया है और उनके पास से लूटा गया मोबाइल फोन और वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू भी बरामद किया है।

पुलिस के मुताबिक, यह घटना 19 मार्च की है जब मयूर विहार फेज-1 थाने में एक पीसीआर कॉल प्राप्त हुई। कॉल में बताया गया कि नाला रोड स्थित सीएनजी पंप के पास एक युवती से मोबाइल फोन छीन लिया गया है। पीड़िता काजल ने शिकायत में बताया कि वह ड्यूटी के लिए ई-रिक्शा लेने जा रही थीं, तभी एक आरोपी ने पीछे से आकर उनका मोबाइल फोन छीन लिया जबकि दूसरा आरोपी उसकी मदद कर रहा था।

इस शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज किया। बाद में पीड़िता ने बताया कि एक आरोपी ने उसे चाकू दिखाकर धमकाया भी था, जिसके बाद मामले में संबंधित धाराएं भी जोड़ी गईं।

घटना की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने तुरंत एक विशेष टीम का गठन किया, जो एसएचओ मयूर विहार के नेतृत्व और एसीपी मयूर विहार के मार्गदर्शन में काम कर रही थी। टीम में एसआई अजय शर्मा, हेड कांस्टेबल हाकम, हेड कांस्टेबल नरेंद्र, कांस्टेबल संदीप और कांस्टेबल सुभाष शामिल थे।

पुलिस टीम ने तकनीकी निगरानी, सीसीटीवी फुटेज की गहन जांच और स्थानीय सूत्रों की मदद से आरोपियों की तलाश शुरू की। गुप्त सूचना के आधार पर दोनों आरोपियों को त्रिलोकपुरी के 26 ब्लॉक के पास कुड़ा खट्टा इलाके से गिरफ्तार कर लिया गया।

पूछताछ के दौरान दोनों आरोपियों ने अपना अपराध कबूल कर लिया। पुलिस ने आरोपी अमन उर्फ कड़ा (22) के पास से चोरी का मोबाइल फोन बरामद किया जबकि आरोपी फरमान (26) के पास से वारदात में इस्तेमाल किया गया चाकू मिला। दोनों को अदालत में पेश किया गया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपी आदतन अपराधी हैं और आमतौर पर सुबह या देर शाम के समय अकेले चल रहे लोगों खासकर महिलाओं को निशाना बनाते हैं। वे जोड़ी में काम करते हैं, जिसमें एक व्यक्ति वारदात को अंजाम देता है जबकि दूसरा भागने में मदद करता है और डर पैदा करता है।

मुख्य आरोपी अमन के खिलाफ पहले भी चोरी, लूट और आर्म्स एक्ट से जुड़े कई मामले दर्ज हैं। फिलहाल पुलिस इस पूरे मामले की जांच कर रही है।

--आईएएनएस

वीकेयू/पीएम

Share this story

Tags