Samachar Nama
×

मातृ-वियोग के बीच शोक वस्त्र में सरकारी फाइलों का निष्पादन करते दिखे सीएम हेमंत सोरेन

मातृ-वियोग के बीच शोक वस्त्र में सरकारी फाइलों का निष्पादन करते दिखे सीएम हेमंत सोरेन
मातृ-वियोग के बीच शोक वस्त्र में सरकारी फाइलों का निष्पादन करते दिखे सीएम हेमंत सोरेन

रामगढ़, 9 अक्टूबर (आईएएनएस)। अपनी मां रूपी सोरेन के निधन के बाद शोक की घड़ी से गुजर रहे झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन की कुछ तस्वीरें सामने आई हैं, जिनमें वह अपने पैतृक आवास पर सरकारी फाइलों का अवलोकन करते और दस्तावेजों पर हस्ताक्षर करते नजर आ रहे हैं। तस्वीरों में राज्य के मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी उनके साथ मौजूद हैं।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के आधिकारिक सोशल मीडिया हैंडल ‘एक्स’ पर इन तस्वीरों को साझा किया गया है।

पोस्ट में लिखा गया है, ‘व्यक्तिगत दुःख से बड़ा राज्य का कर्तव्य…’।

तस्वीरों में मुख्यमंत्री पारंपरिक शोक वस्त्र उत्तरीय धारण किए हुए हैं। उनके सामने मेज पर कई सरकारी फाइलें और दस्तावेज रखे हैं। वह इनका अवलोकन करते और उन पर हस्ताक्षर करते दिखाई दे रहे हैं। इस दौरान मुख्य सचिव अविनाश कुमार भी उनके साथ बैठकर दस्तावेजों को देखते नजर आ रहे हैं। हालांकि, फाइलें किन विभागों और विषयों से संबंधित हैं, इसकी जानकारी साझा नहीं की गई है।

इससे पहले शुक्रवार सुबह मुख्यमंत्री ने रामगढ़ जिले के नेमरा स्थित अपने पैतृक आवास पर स्थानीय परंपराओं और रीति-रिवाजों के अनुसार अपनी दिवंगत मां रूपी सोरेन के निमित्त भोजन परोसने की पारंपरिक रस्म निभाई। इस दौरान उन्होंने पारिवारिक परंपराओं के अनुरूप दिवंगत माता की स्मृति से जुड़े संस्कारों का पालन किया।

रूपी सोरेन के निधन के बाद नेमरा स्थित मुख्यमंत्री के पैतृक आवास पर शोक संवेदना व्यक्त करने के लिए जनप्रतिनिधियों और अन्य लोगों के पहुंचने का सिलसिला जारी है।

शुक्रवार को केंद्रीय रक्षा राज्य मंत्री संजय सेठ, राज्य के मंत्री राधाकृष्ण किशोर, विधायक डॉ. नीरा यादव, विधायक ममता देवी और पूर्व विधायक लंबोदर महतो ने मुख्यमंत्री से मुलाकात की। सभी ने दिवंगत रूपी सोरेन के चित्र पर पुष्प अर्पित कर श्रद्धांजलि दी और मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन तथा उनकी पत्नी एवं विधायक कल्पना सोरेन के प्रति संवेदना व्यक्त की।

जनप्रतिनिधियों ने दिवंगत आत्मा की शांति और शोकाकुल परिवार को इस कठिन समय में दुख सहन करने की शक्ति देने की प्रार्थना की। लंबे समय से बीमार रूपी सोरेन का निधन बीते बुधवार की शाम रांची के एक अस्पताल में इलाज के दौरान हो गया था। उनका अंतिम संस्कार मुख्यमंत्री के पैतृक गांव नेमरा में गुरुवार को किया गया।

--आईएएनएस

एसएनसी/एएसएच

Share this story

Tags