मथुरा पर केशव प्रसाद मौर्य के बयान पर राजीव राय का हमला, बोले- सरकार काम का जवाब दे
नई दिल्ली, 16 नवंबर (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के घोसी से सांसद राजीव राय ने उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य के मथुरा संबंधी बयान, दिल्ली में महिला सुरक्षा, जम्मू-कश्मीर की स्थिति, आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत की टिप्पणी और सुप्रीम कोर्ट में विपक्ष की एसआईआर याचिका सहित कई मुद्दों पर भाजपा और केंद्र सरकार को घेरा। उन्होंने कहा कि सरकार को घोषणाओं के बजाय अपने कामकाज का जवाब देना चाहिए। वहीं, उत्तर प्रदेश चुनाव में कांग्रेस के साथ सीटों के बंटवारे को लेकर उन्होंने कहा कि दोनों दलों के वरिष्ठ नेता बातचीत के बाद ऐसा फैसला करेंगे, जिससे इंडिया गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़ सके।
केशव प्रसाद मौर्य के बयान कि अयोध्या के बाद अब मथुरा की बारी है, पर राजीव राय ने तीखी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि अयोध्या में चढ़ावे और जमीन से जुड़ी चोरी के मामले सामने आए हैं। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अगर किसी को चोरी करने के लिए कोई इलाका अपना लगने लगे तो यह उसकी सोच है। राय ने कहा कि केशव मौर्य राजनीतिक व्यक्ति हैं और चुनाव में उन्हें जनता ने जवाब दिया है। उन्होंने भगवान श्रीकृष्ण से केशव मौर्य को सद्बुद्धि देने की प्रार्थना भी की।
दिल्ली में महिलाओं की सुरक्षा के लिए छह हजार सीसीटीवी कैमरे लगाने की घोषणा पर सपा सांसद ने कहा कि सरकारें घोषणाएं तो करती हैं, लेकिन जमीनी स्थिति अलग है। उन्होंने छठ पूजा के दौरान यमुना में झाग और प्रदूषण का उल्लेख करते हुए कहा कि कुछ दिन पहले नदी की सफाई के दावे किए जा रहे थे, लेकिन त्योहार के समय उसकी स्थिति फिर सामने आ गई। उन्होंने सरकार के दावों पर सवाल उठाए।
जम्मू-कश्मीर और पाकिस्तान को लेकर भारत सरकार की नीति पर राय ने कहा कि सरकार ने आतंकवादी हमले होने तक पाकिस्तान से बातचीत नहीं करने की बात कही थी। इसके बावजूद हमले के समय पाकिस्तान के मंत्री के आने का जिक्र करते हुए उन्होंने सरकार की नीति पर सवाल उठाए। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र सरकार की दिशा और नीति स्पष्ट नहीं है तथा उसके बयानों पर जनता का भरोसा कम हुआ है।
आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के बयान पर उन्होंने कहा कि आरएसएस का इतिहास ऐसा रहा है कि उससे किसी को प्रवचन लेने की जरूरत नहीं है।
सुप्रीम कोर्ट में विपक्ष की एसआईआर याचिका के मुद्दे पर राजीव राय ने कहा कि अदालत में इस विषय पर सवाल उठाए गए हैं। उन्होंने चुनाव आयोग, खासकर वर्तमान आयोग की कार्यप्रणाली पर गंभीर आरोप लगाए। उनका दावा था कि आयोग ने लोकतंत्र और चुनाव प्रक्रिया के साथ अन्याय किया है। उन्होंने मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार को लेकर भी विवादित टिप्पणी की।
कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खड़गे के उत्तर प्रदेश चुनाव में इंडिया गठबंधन की ताकत जनता के सामने रखने और भाजपा से मुक्ति के विकल्प संबंधी बयान पर राजीव राय ने स्वागत किया। वहीं, कांग्रेस की ओर से 180 से अधिक सीटें मांगे जाने के सवाल पर उन्होंने कहा कि दोनों दलों के वरिष्ठ नेता बैठकर चर्चा करेंगे। बातचीत के बाद सीटों की ऐसी संख्या तय होगी, जिस पर इंडिया गठबंधन मजबूती से चुनाव लड़ सके।
राम गोपाल यादव के बयान को लेकर भाजपा द्वारा समाजवादी पार्टी को दलित विरोधी बताए जाने पर राजीव राय ने कहा कि उत्तर प्रदेश सरकार के आंकड़े बताते हैं कि भाजपा शासन में दलितों पर अत्याचार के मामले अधिक हैं। उन्होंने सवाल किया कि इन आंकड़ों के रहते भाजपा किस आधार पर समाजवादी पार्टी को दलित विरोधी बता रही है।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के 2027 की जनगणना में सभी के लाभ और कल्याण का ध्यान रखने संबंधी बयान पर भी राय ने निशाना साधा। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र, बिहार, बंगाल और हरियाणा में भी ऐसे बयान दिए गए थे। राय ने आरोप लगाया कि भाजपा से जुड़े लोग लोकतंत्र को कमजोर करने में लगे हैं।
--आईएएनएस
पीएसके/वीसी

