मथुरा में गोतस्करों ने गाड़ी से कुचलकर की गोरक्षक की हत्या, एक आरोपी गिरफ्तार
मथुरा, 21 मार्च (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मथुरा जिले में गोरक्षा से जुड़े विख्यात गोरक्षक चंद्रशेखर की गोतस्करों ने गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी। पुलिस ने मामला दर्ज कर एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया और अन्य आरोपियों की तलाश शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार मथुरा के ब्रज क्षेत्र में विख्यात गोरक्षक चंद्रशेखर, जिन्हें लोग “फरसा वाले बाबा” के नाम से जानते थे की कथित गोतस्करों ने गाड़ी से कुचलकर हत्या कर दी। यह घटना कोसीकलां थाना क्षेत्र के कोटवन चौकी के नवीपुर गांव के पास हुई।
पुलिस अधिकारियों ने बताया कि चंद्रशेखर बाबा को गोतस्करी की सूचना मिली थी, जिसके बाद वे तुरंत अपनी बाइक से संदिग्ध तस्करों का पीछा करने निकल पड़े। बताया जा रहा है कि जब उन्होंने तस्करों की गाड़ी को रोकने का प्रयास किया तो आरोपियों ने उन्हें कुचलने की नीयत से तेज रफ्तार में वाहन उनकी ओर मोड़ दिया। इस भीषण टक्कर में बाबा गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना के बाद इलाके में हड़कंप मच गया और स्थानीय लोगों में भारी आक्रोश फैल गया। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए घटना में शामिल एक युवक को मौके से ही पकड़ लिया जबकि तीन अन्य आरोपी अंधेरे का फायदा उठाकर फरार हो गए।
पुलिस अधिकारियों ने कहा कि पकड़े गए आरोपी से पूछताछ की जा रही है और फरार आरोपियों की तलाश के लिए कई टीमें गठित कर दी गई हैं। साथ ही, आसपास के क्षेत्रों में नाकाबंदी कर दी गई है ताकि आरोपियों को जल्द से जल्द गिरफ्तार किया जा सके।
उन्होंने कहा कि गिरफ्तार आरोपी के बयान के आधार पर अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है। जल्द ही उन्हें गिरफ्तार कर लिया जाएगा। जो लोग भी इसमें शामिल हैं, किसी को छोड़ा नहीं जाएगा।
इस घटना ने न केवल मथुरा बल्कि पूरे ब्रज क्षेत्र में शोक और आक्रोश की लहर पैदा कर दी है। स्थानीय लोगों और गोरक्षा संगठनों ने आरोपियों के खिलाफ कड़ी से कड़ी कार्रवाई की मांग की है। पुलिस ने आश्वासन दिया है कि सभी दोषियों को जल्द गिरफ्तार कर कानून के तहत सख्त सजा दिलाई जाएगी।
--आईएएनएस
एसएके/पीएम

