Samachar Nama
×

मसूरी में मनाया गया इगास पर्व, भैलो की रोशनी और ढोल-दमाऊ की थाप पर झूमे लोग

मसूरी में मनाया गया इगास पर्व, भैलो की रोशनी और ढोल-दमाऊ की थाप पर झूमे लोग
मसूरी में मनाया गया इगास पर्व, भैलो की रोशनी और ढोल-दमाऊ की थाप पर झूमे लोग

मसूरी, 21 नवंबर (आईएएनएस)। मसूरी में उत्तराखंड की समृद्ध लोक संस्कृति, पारंपरिक विरासत और पहाड़ी लोकजीवन की पहचान इगास (बूढ़ी दिवाली) का पर्व हर्षोल्लास और पारंपरिक उत्साह के साथ मनाया गया। इस अवसर पर भाजपा मसूरी मंडल और मसूरी ट्रेडर्स एंड वेलफेयर एसोसिएशन के संयुक्त तत्वावधान में कुलड़ी स्थित सिल्वरटन पार्किंग में भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में स्थानीय नागरिकों, व्यापारियों, भाजपा कार्यकर्ताओं और पर्यटकों ने उत्साहपूर्वक भाग लेकर उत्तराखंड की लोक परंपराओं से जुड़ाव का परिचय दिया।

कार्यक्रम का शुभारंभ पारंपरिक रीति-रिवाजों के साथ निर्मला जोशी और राज्य मंत्री ज्योति कोटिया ने भैलो जलाकर किया गया। चीड़ की लकड़ियों से बनी मशालों की रोशनी और ढोल-दमाऊ की गूंज ने पूरे वातावरण को पहाड़ी संस्कृति के रंग में सराबोर कर दिया। स्थानीय लोक कलाकारों ने पारंपरिक लोकगीतों और लोकनृत्यों की मनमोहक प्रस्तुतियां देकर उपस्थित लोगों को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम में इगास की पारंपरिक छटा देखने को मिली और लोगों ने उत्साह के साथ पर्व की खुशियां साझा कीं।

इस मौके पर वक्ताओं ने कहा कि इगास केवल दीपावली के बाद मनाया जाने वाला एक लोकपर्व नहीं है, बल्कि यह उत्तराखंड की सांस्कृतिक पहचान, सामाजिक एकता और पूर्वजों से मिली परंपराओं का प्रतीक है। आधुनिकता के इस दौर में अपनी लोक संस्कृति और रीति-रिवाजों को जीवित रखना बेहद जरूरी है। ऐसे आयोजन नई पीढ़ी को अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जोड़ने के साथ ही उत्तराखंड की परंपराओं को अगली पीढ़ी तक पहुंचाने का महत्वपूर्ण माध्यम बनते हैं।

उन्होंने कहा कि मसूरी एक अंतरराष्ट्रीय पर्यटन नगरी होने के साथ ही उत्तराखंड की सांस्कृतिक विरासत का भी महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आयोजित होने वाले ऐसे कार्यक्रमों से स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा मिलता है और पर्यटकों को भी पहाड़ की परंपराओं, लोकगीतों और लोकनृत्यों को करीब से जानने का अवसर मिलता है।

कार्यक्रम के अंत में उपस्थित लोगों को पारंपरिक पहाड़ी व्यंजन वितरित किए गए। इसके बाद आतिशबाजी के बीच लोगों ने एक-दूसरे को इगास पर्व की शुभकामनाएं दीं। आयोजन ने जहां पहाड़ी संस्कृति की जीवंत झलक प्रस्तुत की, वहीं सामूहिक सहभागिता के माध्यम से सामाजिक सौहार्द और सांस्कृतिक एकजुटता का संदेश भी दिया।

मसूरी भाजपा मंडल अध्यक्ष रजत अग्रवाल ने कहा, "मैं सभी को इस पर्व की बधाई और शुभकामनाएं देता हूं। यह उत्तराखंड का लोकपर्व है, जो यहां की जड़ों से जुड़ा है। यह हमारी संस्कृति को हमसे जोड़ता है।" उन्होंने कहा कि युवा पीढ़ी को इस पर्व को मनाना चाहिए और इसके महत्व को समझना चाहिए। जब तक हम अपनी लोक संस्कृति के साथ नहीं जुड़ेंगे तो कहीं न कहीं हम उत्तराखंड बनाने के अपने उद्देश्य से भी भटक जाएंगे।

कैबिनेट मंत्री गणेश जोशी की पत्नी निर्मला जोशी ने कहा कि त्योहारों से आज की युवा पीढ़ी थोड़ी दूरी बनाती है, लेकिन इगास पर्व के साथ यह पीढ़ी जुड़ रही है। हमारे बच्चों और युवाओं को भी यह पता चल रहा है कि दिवाली के करीब 11 दिन बाद इगास (बूढ़ी दिवाली) मनाई जाती है।

राज्य मंत्री ज्योति कोटिया ने कहा कि यह पर्व हमारे आपसी प्रेम, भाईचारे और सामाजिक एकता व समरसता का उत्सव है। यह उत्तराखंड में बड़े उत्साह के साथ मनाया गया है। हम लोग इस उत्सव में शामिल होने के लिए मसूरी आए। इस पर्व की पूरे प्रदेशवासियों को बधाई और शुभकामनाएं हैं।

-ुभकामनाएं हैं। --आईएएनएस डीसीएच/

Share this story

Tags