इंडोनेशिया में समुद्र के बीच फेरी में भीषण आग, जान बचाने के लिए समुद्र में कूदे यात्री; 5 की मौत, 41 लापता
इंडोनेशिया के मादुरा द्वीप के पास रविवार सुबह एक यात्री फेरी बोट में भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। आग लगते ही यात्रियों में चीख-पुकार मच गई और कई लोगों ने अपनी जान बचाने के लिए समुद्र में छलांग लगा दी। शुरुआती जानकारी के अनुसार हादसे में कम से कम पांच लोगों की मौत हो गई है, जबकि 41 लोग अब भी लापता बताए जा रहे हैं। राहत एवं बचाव दल समुद्र में लगातार सर्च ऑपरेशन चला रहा है।
271 लोग थे फेरी में सवार
इंडोनेशिया की राष्ट्रीय सर्च एंड रेस्क्यू एजेंसी के अनुसार, फेरी में कुल 271 यात्री और क्रू मेंबर सवार थे। हादसे के बाद बचाव अभियान तेजी से शुरू किया गया। दोपहर तक 225 लोगों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया गया, जबकि बाकी यात्रियों की तलाश जारी है।अधिकारियों के मुताबिक, कई यात्रियों ने आग की लपटों से बचने के लिए समुद्र में छलांग लगा दी। रेस्क्यू टीमें नौकाओं और अन्य संसाधनों की मदद से लापता लोगों की खोज में जुटी हुई हैं।
सुराबाया से मकासार जा रही थी फेरी
बताया गया कि यह यात्री फेरी ईस्ट जावा प्रांत के सुराबाया शहर से साउथ सुलावेसी के मकासार के लिए रवाना हुई थी। यात्रा के दौरान मादुरा द्वीप के पास अचानक फेरी में आग लग गई। देखते ही देखते आग ने फेरी के बड़े हिस्से को अपनी चपेट में ले लिया, जिससे यात्रियों में भगदड़ जैसी स्थिति पैदा हो गई।फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल सका है। संबंधित एजेंसियां हादसे की जांच में जुट गई हैं।
सोशल मीडिया पर सामने आए भयावह वीडियो
हादसे के कई वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। वीडियो में देखा जा सकता है कि फेरी में आग फैलने के बाद यात्री घबराकर जहाज के अगले हिस्से की ओर भाग रहे हैं। कुछ लोग लाइफ जैकेट पहनकर समुद्र में कूदते नजर आ रहे हैं, जबकि कई लोग मदद के लिए पुकार लगा रहे हैं।प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, आग तेजी से फैलने के कारण यात्रियों को संभलने का मौका भी नहीं मिला। धुएं और लपटों के बीच कई लोग अपनी जान बचाने के लिए किसी भी तरह फेरी से बाहर निकलने की कोशिश करते दिखाई दिए।
युद्धस्तर पर जारी है रेस्क्यू ऑपरेशन
बचाव एजेंसियों के अनुसार, आसपास के समुद्री क्षेत्र में व्यापक तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। नौसेना, कोस्ट गार्ड और स्थानीय रेस्क्यू टीमें संयुक्त रूप से लापता लोगों की तलाश कर रही हैं।अधिकारियों का कहना है कि समुद्र में लापता लोगों की खोज तब तक जारी रहेगी, जब तक सभी यात्रियों का पता नहीं चल जाता। प्रशासन ने मृतकों के परिजनों के प्रति संवेदना व्यक्त करते हुए हादसे के कारणों की विस्तृत जांच कराने की बात कही है।इस दर्दनाक हादसे ने एक बार फिर समुद्री यात्री सुरक्षा और आपातकालीन व्यवस्थाओं को लेकर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। यात्रियों और उनके परिजनों की निगाहें अब राहत एवं बचाव अभियान के नतीजों पर टिकी हुई हैं।

