बेटी से नहीं, होने वाली सास से करवा दी शादी, चेहरा देख दूल्हे ने किया इंकार तो मिली जान से मारने की धमकी, जानें पूरा मामला

अलीगढ़ में जहां एक तरफ दूल्हा अपनी सास के साथ फरार हो गया। वहीं, मेरठ में मामला और भी अलग था। यहां दूल्हे की शादी दुल्हन से नहीं, बल्कि सास से हुई। आरोप है कि जब दूल्हे ने इसका विरोध किया तो उसकी बुरी तरह पिटाई कर दी गई। इसके बाद उन्हें धमकी भी दी गई। मेरठ जिले में एक युवक ने आरोप लगाया है कि उसकी शादी के दौरान उसकी भावी पत्नी के बजाय उसकी मां (सास) को दुल्हन के रूप में रखकर उससे धोखा किया गया। हालांकि, पुलिस अधिकारियों ने अब दावा किया है कि युवक ने अपनी शिकायत वापस ले ली है और दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। इससे पहले मेरठ के ब्रह्मपुरी निवासी मोहम्मद अजीम (22) ने बताया था कि उसकी शादी शामली जिले के कंकरखेड़ा क्षेत्र की 21 वर्षीय मंतशा के साथ तय हुई थी। अजीम ने आरोप लगाया था कि रिश्ता तय करते समय मंतशा को दिखाया गया था, लेकिन निकाह उसकी मां से करा दिया गया।
शादी के लिए मांगे 5 लाख रुपए
अजीम ने दावा किया कि इस निकाह को संपन्न कराने के लिए पांच लाख रुपये लिये गये। पीड़ित ने बताया कि धोखाधड़ी का पता चलने पर जब उसने विरोध किया तो उसे मारपीट कर भगा दिया गया। युवक ने इस संबंध में वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक, मेरठ के कार्यालय में शिकायत की। मोहम्मद अजीम ने 17 अप्रैल को वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक कार्यालय में शिकायत दर्ज कराई थी, जिसमें आरोप लगाया गया था कि उसका विवाह ईद के दिन 31 मार्च को शामली जिले के कंकरखेड़ा क्षेत्र की रहने वाली 21 वर्षीय मंतशा के साथ तय हुआ था। अजीम के मुताबिक यह रिश्ता उसके बड़े भाई नदीम और भाभी शायदा ने तय किया था।
पर्दा उठा तो उड़ गए होश
शिकायत में अजीम ने कहा कि निकाह की रस्मों के दौरान मौलवी ने दुल्हन का नाम 'ताहिरा' पुकारा, जो मंतशा की मां और 45 वर्षीय विधवा है। जब अज़ीम घूंघट उठाता है और दुल्हन का चेहरा देखता है, तो उसे एहसास होता है कि यह विश्वासघात है। अजीम ने दावा किया कि जब उसने इस धोखे का विरोध किया और दुल्हन को अपने साथ ले जाने से इनकार कर दिया, तो उसके साले ने उसे बलात्कार के झूठे मामले में फंसाने की धमकी दी।
दोनों पक्षों के बीच समझौता
मामले की जांच कर रहे ब्रह्मपुरी क्षेत्र के पुलिस अधिकारी (सीओ) सौम्या अस्थाना ने बताया कि इस मामले में दोनों पक्षों के बीच समझौता हो गया है। उन्होंने बताया कि शिकायतकर्ता अजीम ने पुलिस को दिए आवेदन में कहा है कि वह इस मामले में कोई कानूनी कार्रवाई नहीं चाहता है।
अलीगढ़ में सास-बहू का मामला
अलीगढ़ का सास-बहू मामला पिछले कुछ समय से सुर्खियों में है। यहां राहुल नाम के दूल्हे की 16 अप्रैल को शिवानी नाम की लड़की से शादी होनी थी. लेकिन उससे पहले ही 6 अप्रैल को वो अपनी होने वाली सास के साथ भाग गया. दोनों ने 16 अप्रैल को पुनः आत्मसमर्पण कर दिया। अब दोनों फिलहाल एक साथ हैं। लेकिन दोनों के परिवार वालों ने उनसे रिश्ता तोड़ दिया है।