Samachar Nama
×

मराठा आरक्षण पर सरकार का रुख साफ, ओबीसी कोटे में नहीं होगी कटौती: कृष्णा हेगड़े

मराठा आरक्षण पर सरकार का रुख साफ, ओबीसी कोटे में नहीं होगी कटौती: कृष्णा हेगड़े
मराठा आरक्षण पर सरकार का रुख साफ, ओबीसी कोटे में नहीं होगी कटौती: कृष्णा हेगड़े

मुंबई, 18 सितंबर (आईएएनएस)। शिवसेना प्रवक्ता कृष्णा हेगड़े ने शुक्रवार को आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के उज्जैन दौरे, मराठा आरक्षण, भारत में सेमीकंडक्टर उत्पादन और यूपीआई पर मर्चेंट डिस्काउंट रेट (एमडीआर) को लेकर कांग्रेस और केंद्र के बीच जारी विवाद सहित कई मुद्दों पर अपनी बात रखी।

आरएसएस प्रमुख मोहन भागवत के उज्जैन दौरे पर हेगड़े ने कहा कि वह वहां युवा धर्म संसद में करीब 1,700 युवाओं से संवाद करेंगे। इस दौरान भारत की सांस्कृतिक विविधता, देश के सामने मौजूद मुद्दों और युवा पीढ़ी से जुड़ी समस्याओं पर चर्चा होने की उम्मीद है।मोहन भागवत इससे पहले अगस्त में मुंबई में भी युवाओं से संवाद कर चुके हैं। हेगड़े के अनुसार, भागवत ने उस दौरान युवाओं की समस्याओं और उनसे जुड़े मुद्दों को संबोधित करने की जरूरत पर जोर दिया था। साथ ही उन्होंने लोकतांत्रिक तरीके से विरोध प्रदर्शन किए जाने की बात कही थी।

हेगड़े ने कहा कि उज्जैन में भागवत के साथ होने वाले संवाद से युवाओं को प्रेरणा मिलेगी और उन्हें इसमें भाग लेकर उनके अनुभव एवं विचारों से लाभ उठाना चाहिए।

मराठा आरक्षण के मुद्दे पर कांग्रेस नेता विजय वडेट्टीवार की ओर से जताई गई आशंका पर कृष्णा हेगड़े ने कहा कि सरकार पहले ही स्पष्ट कर चुकी है कि मराठा समुदाय को दिए जाने वाले आरक्षण के लिए ओबीसी कोटे से कोई कटौती नहीं की जाएगी। मराठा समुदाय को शिक्षा और सरकारी नौकरियों में 10 प्रतिशत आरक्षण दिया गया है। सरकार ने कुनबी प्रमाण पत्र को लेकर भी फैसला किया है।

हेगड़े ने कहा कि मराठा आरक्षण के मुद्दे का समाधान एकनाथ शिंदे के मुख्यमंत्री रहते हुए निकालने की दिशा में काम किया गया था और अब मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस तथा उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने मिलकर इस मुद्दे का समाधान निकाला है।

उन्होंने मराठा नेता मनोज जरांगे पाटिल का जिक्र करते हुए कहा कि उन्होंने अपना अनशन समाप्त कर दिया है और मुंबई तक प्रस्तावित लॉन्ग मार्च भी रद्द कर दिया है। हेगड़े ने दावा किया कि सरकार ने भरोसा दिलाया है कि ओबीसी या किसी अन्य समुदाय के आरक्षण को प्रभावित नहीं किया जाएगा। उन्होंने विजय वडेट्टीवार की आशंकाओं को खारिज करते हुए कहा कि उनके बयान में कोई सच्चाई नहीं है।

इस बीच, भारत के सेमीकंडक्टर क्षेत्र में आगे बढ़ने का जिक्र करते हुए कृष्णा हेगड़े ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने देश में सेमीकंडक्टर चिप उत्पादन को लेकर जानकारी दी है। उन्होंने दावा किया कि 12 परियोजनाओं को मंजूरी मिल चुकी है और इनमें से तीन में उत्पादन शुरू हो चुका है। सभी उत्पादन इकाइयों के शुरू होने के बाद भारत अपनी घरेलू जरूरतों को पूरा करने की दिशा में तेजी से आगे बढ़ेगा और सेमीकंडक्टर आयात पर निर्भरता कम होगी।

उन्होंने इसे प्रधानमंत्री मोदी के 'आत्मनिर्भर भारत', 'मेक इन इंडिया', 'मेक फॉर इंडिया' और 'मेड बाय इंडिया' अभियान से जोड़ते हुए कहा कि देश तेजी से आत्मनिर्भरता की दिशा में बढ़ रहा है। उन्होंने विश्वास जताया कि भारत 2047 से पहले ही विकसित भारत बनने का लक्ष्य हासिल कर सकता है।

यूपीआई पर एमडीआर (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) से जुड़े विवाद पर शिवसेना प्रवक्ता ने कांग्रेस सांसद गौरव गोगोई और मनीष तिवारी के बयानों का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि दोनों सांसदों ने दावा किया है कि यूपीआई पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर को लेकर उनसे सलाह नहीं ली गई थी। हालांकि, उनके मुताबिक संसद की वित्त संबंधी स्थायी समिति के अध्यक्ष भर्तृहरि महताब ने समिति की कार्यवाही और रिकॉर्ड का हवाला देते हुए कहा है कि इस मुद्दे पर दोनों कांग्रेस सांसदों की सहमति ली गई थी। यूपीआई पर एमडीआर का मतलब डिजिटल भुगतान स्वीकार करने पर व्यापारियों से लिया जाने वाले शुल्क से है।

हेगड़े ने दावा किया कि संबंधित रिकॉर्ड सार्वजनिक किए जा चुके हैं और इससे कांग्रेस सांसदों के दावे गलत साबित होते हैं। उन्होंने कांग्रेस पर अपना रुख बदलने का आरोप लगाते हुए कहा कि पार्टी ने पहले यूपीआई पर 0.4 प्रतिशत एमडीआर का समर्थन किया था, लेकिन अब वह इस मुद्दे पर अलग रुख अपना रही है।

--आईएएनएस

एएमटी/वीसी

Share this story

Tags