हरियाणा के मंत्री अनिल विज ने अमेरिका-ईरान समझौते का किया स्वागत, कहा-इससे लोगों को मिलेगी राहत
अंबाला, 15 जून (आईएएनएस)। हरियाणा सरकार के मंत्री अनिल विज ने अमेरिका-ईरान समझौते का स्वागत किया। उन्होंने कहा कि युद्ध की बजाय समझौते के माध्यम से मुद्दों का समाधान होना अच्छी बात है।
अनिल विज ने अंबाला में मीडिया से बातचीत के दौरान कहा कि अभी तक जो संकेत मिल रहे हैं, उनके मुताबिक यह लगभग तय है कि भारत को भी इससे बहुत फायदा होगा। देश में 25 से 30 प्रतिशत क्रूड ऑयल इसी क्षेत्र से आता है। युद्ध के कारण आपूर्ति में व्यवधान पड़ा था और तीन भारतीय नाविक शहीद भी हो गए थे। अब रास्ता खुल जाने से देश में पेट्रोलियम पदार्थों की उपलब्धता आसान हो जाएगी और आम लोगों को राहत मिलेगी।
दूसरी ओर, अनिल विज ने एसआईआर का जिक्र करते हुए कहा कि एसआईआर चुनावी प्रक्रिया का बहुत महत्वपूर्ण अंग है। कई सालों से यह नहीं हुआ था, जिसके कारण वोटर लिस्ट में कई त्रुटियां रह गई थीं। जिन लोगों की 2002 में मृत्यु हो चुकी है, उनके नाम अभी भी सूची में नहीं कटे हैं। साथ ही यह भी बताया जाता है कि कई लोगों ने गलत तरीके से अपना नाम जुड़वा लिया है। चुनाव आयोग को देश में स्वच्छ एवं प्रजातांत्रिक व्यवस्था बनाए रखने के लिए संवैधानिक अधिकार प्राप्त है कि वह दुरुस्त वोटर लिस्ट के आधार पर चुनाव कराए। इसमें हर नागरिक को सहयोग करना चाहिए।
उन्होंने कहा कि ब्लॉक स्तर के अधिकारी (बीएलओ) घर-घर जाएंगे। सभी को सही जानकारी देनी चाहिए ताकि वोटर लिस्ट पूरी तरह सही और शुद्ध बन सके।
बताते चले कि पीएम मोदी ने भी अमेरिका और ईरान के बीच पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्त करने को लेकर बनी समझ का स्वागत किया है।
प्रधानमंत्री मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स के जरिए इस कदम की प्रशंसा की। उन्होंने कहा, "मैं अमेरिका और ईरान के बीच पश्चिम एशिया में संघर्ष समाप्त करने के लिए बनी समझ का स्वागत करता हूं। इस संघर्ष के कारण दुनिया भर में गंभीर आर्थिक व्यवधान पैदा हुआ और कई देशों में लोगों की जान गई है।"
बयान में पीएम ने शांति की उम्मीद जताई। उन्होंने कहा, "नई समझ के प्रभावी क्रियान्वयन से क्षेत्र में शांति और स्थिरता बहाल होने की उम्मीद है। साथ ही यह समुद्री मार्गों पर निर्बाध आवाजाही और वैश्विक व्यापार को सुरक्षित बनाए रखने में भी मददगार साबित होगा।"
भारत के प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उम्मीद जताई कि दोनों पक्षों के बीच शेष मुद्दों पर होने वाली बातचीत सकारात्मक दिशा में आगे बढ़ेगी और अंततः एक स्थायी तथा व्यापक समझौते तक पहुंचा जाएगा।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम

