Samachar Nama
×

मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने बनाया अल्पना डिजाइन, कोलकाता सहित पूरे बंगाल में दुर्गा पूजा की भव्य तैयारी

मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने बनाया अल्पना डिजाइन, कोलकाता सहित पूरे बंगाल में दुर्गा पूजा की भव्य तैयारी
मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने बनाया अल्पना डिजाइन, कोलकाता सहित पूरे बंगाल में दुर्गा पूजा की भव्य तैयारी

कोलकाता, 10 अक्टूबर (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल सरकार की मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने शनिवार को कोलकाता के रेड रोड पर दुर्गा पूजा की सजावट और तैयारियों का जायजा लिया। वहीं, उन्होंने पार्क सर्कस सेवन पॉइंट पर कलाकारों के साथ मिलकर रंग-बिरंगे पारंपरिक अल्पना डिजाइन बनाईं और बंगाल की समृद्ध कला, संस्कृति और त्योहार के उत्साह का जश्न मनाया।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा, "मुख्यमंत्री सुवेंदु अधिकारी की सरकार के तहत हम पार्क सर्कस में अल्पना डिजाइन बना रहे हैं। यह वही पार्क सर्कस है जो भारत विरोधी नारों के लिए जाना जाता था। इसी पार्क सर्कस में पुलिस पर हमला किया गया था और आग लगाई गई थी। आज उसी पार्क सर्कस में हम लोग अल्पना डिजाइन बना रहे हैं, जो बंगाली कल्चर का ट्रेडिशन है। किसी भी शुभ काम से पहले हम लोग घर में अल्पना बनाते हैं। इसमें मेरी सहायता इरफान कर रहे हैं। यही है सुवेंदु अधिकारी की सरकार।" अग्निमित्रा पॉल ने लोगों से अपील करते हुए कहा, "पार्क सर्कस, रेड रोड जरूर आएं। हम लोगों ने रास्तों को भी रंग दिया है।"

वहीं, कोलकाता के रेड रोड की सजावट पर मंत्री अग्निमित्रा पॉल ने कहा, "आज कोलकाता में कई जगहों और बंगाल के कई शहरों को इसी तरह सजाया गया है। मुख्यमंत्री और राज्यपाल शाम 5 बजे पहुंचेंगे और हजारों स्थानीय लोगों के शामिल होने की उम्मीद है। ईडन गार्डन्स में बहुत सुंदर बंगाली प्रोग्राम होने वाला है। हम लोगों की ओर से पांच रंगों का रास्ता बनाया गया है। यह प्रेम, स्नेह, विश्वास और बंधुत्व का रास्ता है। बंगाल के लोगों ने जो विश्वास हमारी पार्टी पर किया है। 140 करोड़ भारतवासियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर जो विश्वास किया है। यह उसी का परिणाम है। यह बंगाली लोगों के लिए हैं।"

उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के मार्गदर्शन में हम लोगों ने बहुत सुंदर तरीके से सजाया है। हर रास्ते और गली में लाइट जलेगी। हर जगह को अच्छे से सजाएंगे। पूरे बंगाल में अच्छी तरह से सफाई की जाएगी। बंगाल के लोग हमारी पार्टी पर विश्वास करके सरकार में लाएं हैं। आज वे भी देखेंगे कि पिछली सरकार में दुर्गा पूजा कैसे आयोजित की जाती थी और इस सरकार में दुर्गा पूजा किस सौंदर्य और भव्य तरीके से मनाई जा रही है।

--आईएएनएस

एसडी/पीएम

Share this story

Tags