मानसून और बिजली व्यवस्था पर एके शर्मा का सख्त संदेश, बोले- जलभराव और कटौती पर जवाबदेही तय होगी
वाराणसी, 15 जून (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री एके शर्मा ने सोमवार को वाराणसी में नगर विकास और ऊर्जा विभाग की समीक्षा बैठक के दौरान अधिकारियों को कड़े निर्देश देते हुए कहा कि मानसून से पहले नालों और जलनिकासी व्यवस्था को पूरी तरह दुरुस्त किया जाए तथा बिजली आपूर्ति में किसी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
उन्होंने कहा कि जनसुविधाओं से जुड़े कार्यों में तेजी लाकर उनकी प्रभावी निगरानी सुनिश्चित की जाए और जवाबदेही तय की जाए। सर्किट हाउस सभागार में आयोजित बैठक में मंत्री ने नगर निकायों के अधिकारियों को आगामी वर्षा ऋतु को देखते हुए व्यापक सफाई अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि बरसात के दौरान जलभराव की समस्या किसी भी शहर में नहीं दिखनी चाहिए। इसके लिए नालियों की सफाई, जलनिकासी तंत्र की मरम्मत और आवश्यक तैयारियां समय रहते पूरी कर ली जाएं।
एके शर्मा ने सड़क किनारे और डिवाइडरों के आसपास फैली गंदगी को हटाने, पौधरोपण कर शहरों का सुंदरीकरण करने तथा स्वच्छता और हरियाली को बढ़ावा देने के लिए विशेष अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बेहतर शहरी आधारभूत सुविधाएं और स्वच्छ वातावरण किसी भी शहर की पहचान होते हैं, इसलिए नगर निकायों को नागरिकों को गुणवत्तापूर्ण सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ काम करना चाहिए। बैठक में निर्माणाधीन और संचालित विकास परियोजनाओं की भी समीक्षा की गई।
मंत्री ने अधिकारियों को गुणवत्ता और समयबद्धता के साथ परियोजनाओं को पूरा करने के निर्देश देते हुए कहा कि जनहित से जुड़े विकास कार्यों में किसी प्रकार की देरी स्वीकार नहीं की जाएगी। ऊर्जा विभाग की समीक्षा के दौरान मंत्री ने विद्युत आपूर्ति व्यवस्था, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, खराब ट्रांसफार्मरों के त्वरित प्रतिस्थापन और वितरण प्रणाली को मजबूत बनाने की प्रगति का जायजा लिया।
उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि उपभोक्ताओं को निर्बाध, निरंतर और गुणवत्तापूर्ण बिजली उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने कहा कि गर्मी और मानसून के मौसम में विद्युत व्यवस्था पर विशेष निगरानी रखी जाए तथा संभावित तकनीकी बाधाओं का समय रहते समाधान किया जाए।
साथ ही उन्होंने 1912 हेल्पलाइन पर प्राप्त शिकायतों के त्वरित निस्तारण पर जोर देते हुए कहा कि शिकायतों की नियमित समीक्षा कर प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए ताकि आम उपभोक्ताओं को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। शर्मा ने कहा कि नगर विकास और ऊर्जा विभाग की सेवाएं सीधे आमजन के दैनिक जीवन से जुड़ी हैं, इसलिए सभी अधिकारी संवेदनशीलता, पारदर्शिता और जवाबदेही के साथ कार्य करें तथा बेहतर जनसेवा के लिए समन्वित प्रयास सुनिश्चित करें।
--आईएएनएस
विकेटी/डीकेपी

