मन की बात: प्रधानमंत्री मोदी ने की मुंबई के कृष्णा शेषाद्री की तारीफ, इतिहास को रोचक बनाने के प्रयास को सराहा
नई दिल्ली, 30 अगस्त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को मुंबई में रहने वाले कृष्णा शेषाद्री के प्रयासों की सराहना की। उन्होंने कहा कि कृष्णा शेषाद्री की बनाई वेबसाइट पर भारत के इतिहास की जानकारी आसानी से पता चलती है, जो काफी दिलचस्प है।
रेडियो कार्यक्रम 'मन की बात' के 137वें एपिसोड में प्रधानमंत्री मोदी ने कहा, "आप सब जानते हैं कि ये (मन की बात कार्यक्रम) एक ऐसा मंच है, जहां हम नए प्रयासों को सामने लाते हैं। देशवासियों के इनोवेटिव आइडियाज पर चर्चा करते हैं। इनमें से कितने ही आइडियाज ऐसे होते हैं जिनके पीछे लोगों ने जीवन की अथक ऊर्जा लगाई होती है।"
इसी बीच, पीएम मोदी ने कृष्णा शेषाद्री के प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा, "कुछ समय पहले सोशल मीडिया पर किसी ने लिखा था, 'आषाढी एकादशी के पावन अवसर पर मुझे यह बताते हुए अत्यंत प्रसन्नता हो रही है कि इतिहास को रोचक बनाने के अपने प्रयास का शुभारंभ कर रहा हूं।' उन्होंने आगे बताया ये आइडिया बहुत ही सरल है। आप इस वेबसाइट पर जाएं और कोई भी एक वर्ष चुन लें। यहां आपको आसानी से पता चलेगा कि उस समय भारत के किस हिस्से पर किसका शासन था। मुझे भी यह काफी दिलचस्प लगा।"
पीएम मोदी ने कहा, "मैंने सोचा कि इसके बारे में और अधिक जानकारी ली जाए। मुझे पता चला कि ये काम मुंबई में रहने वाले कृष्णा शेषाद्री ने किया है। मजे की बात ये है कि कृष्णा ने वेबसाइट नाम भी बहुत सरल रखा है। उन्होंने जो प्रयास किया है, उसकी जानकारी आप लोगों तक भी जरुर पहुंचनी चाहिए। इसलिए, मैंने सोचा कि क्यों न सीधे कृष्णा से ही बात की जाए।"
प्रधानमंत्री मोदी ने कृष्णा से पूछा कि आप तकनीक क्षेत्र से हो और न इतिहास के शिक्षक हो, फिर से आपने टेक्नोलॉजी का इस्तेमाल करके इतिहास की वेबसाइट बनाई। इस पर कृष्णा ने जवाब में, "मैं एक इंजीनियर था। मैंने एमबीए किया और मार्केट सेक्टर में नौकरी की। मुझे बचपन से इतिहास में रुचि थी। मुझे लगता था कि हम जैसे इतिहास सिखाते हैं, उसमें हम बहुत सुधार कर सकते हैं, बदलाव ला सकते हैं और इतिहास को कहानी के रूप में लोगों तक पहुंचा सकते हैं।"
--आईएएनएस
डीसीएच/

