Samachar Nama
×

'मंजनाथी' को लेकर इमोशनल हुए एक्टर कथिर, बोले-प्यार पर बदला नजरिया

'मंजनाथी' को लेकर इमोशनल हुए एक्टर कथिर, बोले-प्यार पर बदला नजरिया
'मंजनाथी' को लेकर इमोशनल हुए एक्टर कथिर, बोले-प्यार पर बदला नजरिया

मुंबई, 9 सितंबर (आईएएनएस)। अभिनेता कथिर आगामी तमिल म्यूजिकल ड्रामा फिल्म 'मंजनाथी' की रिलीज के लिए तैयार हैं। अभिनेता ने बताया कि इस फिल्म ने उन्हें सोचने पर मजबूर कर दिया है कि प्यार हर किसी के लिए एक जैसा नहीं होता।

अभिनेता ने इंस्टाग्राम पर एक नोट लिखा, "प्यार हर किसी के लिए एक जैसा न तो होता है और न ही महसूस किया जाता और 'मंजनाथी' ने मुझे इस बारे में ऐसे सोचने पर मजबूर किया, जैसा मैंने पहले कभी नहीं सोचा था। पहली बार कहानी सुनने पर ही मुझे प्यार को लेकर एक बिल्कुल अलग नजरिया मिला।"

अभिनेता ने फिल्म की कहानी को लेकर उत्सुकता बढ़ाते हुए लिखा, "मैं कई सारे ख्यालों के साथ बाहर निकला और बस यही जानना चाहता था कि आखिर इस कहानी का अंजाम क्या होगा।"

कथिर ने आगे कहा कि जब उन्होंने फाइनल वर्जन पढ़ा, तो वह खामोश हो गए। उन्होने लिखा, "जब मैंने इसका फाइनल वर्जन पढ़ा, तो मैं खामोश रह गया था कि इसने मुझे सोचने पर मजबूर दिया है कि हम इस कहानी में कौन हैं और हम खुद को इन किरदारों में कितना देख सकते हैं। इसने समझने और बात करने के लिए बहुत कुछ खोल दिया है।"

फिल्म को लेकर अपनी उत्सुकता बयां करते हुए कथिर ने लिखा, "सच कहूं तो मैं इस सफर को शुरू करने को लेकर थोड़ा घबराया हुआ हूं लेकिन इस फिल्म में अपना दिल लगाने के लिए उत्साहित भी हूं। ये वैसा कुछ भी नहीं है जैसा हमने पहले किया है और मैं इस किरदार की दुनिया को पर्दे पर लाने और आप लोगों को वो महसूस कराने के लिए इंतजार नहीं कर सकता, जो वो महसूस करता है।"

कथिर ने फिल्म के निर्देशक पर भरोसा जताते हुए धन्यवाद दिया। उन्होंने लिखा, "मुझ पर भरोसा करने के लिए शुक्रिया मारी और उन सभी लोगों के लिए जो पूछते रहते थे कि हम दोबारा कब साथ काम करेंगे। मुझे सच में उम्मीद है कि हमारा हर रीयूनियन हम सभी के लिए एक अहम फिल्म बने।"

मारी सेल्वराज के निर्देशन में बनी फिल्म में प्रियंका अरुल मोहन, कयादु लोहार और कथिर मुख्य भूमिकाओं में नजर आएंगे। इसके अलावा सैंडी मास्टर, पूर्णिमा रवि, विधु और 'काका मुत्तई' फेम जे. विग्नेश भी इसका हिस्सा हैं।

--आईएएनएस

एनएस/पीएम

Share this story