Samachar Nama
×

मंजलपुर उपचुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों ने भरा नामांकन

मंजलपुर उपचुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों ने भरा नामांकन
मंजलपुर उपचुनाव के लिए भाजपा और कांग्रेस के उम्मीदवारों ने भरा नामांकन

वडोदरा, 13 जुलाई (आईएएनएस)। गुजरात के वडोदरा जिले की मंजलपुर विधानसभा सीट पर होने वाले उपचुनाव को लेकर राजनीतिक गतिविधियां तेज हो गई हैं। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के उम्मीदवार सतीश पटेल और कांग्रेस प्रत्याशी भीखाभाई रबारी ने सोमवार को अपना-अपना नामांकन पत्र दाखिल किया। दोनों दलों ने इस सीट पर जीत का दावा करते हुए मतदाताओं से समर्थन की अपील की।

भाजपा उम्मीदवार सतीश पटेल ने नामांकन दाखिल करने से पहले कार्यकर्ताओं के साथ बैठक की और दिवंगत विधायक योगेश पटेल को श्रद्धांजलि अर्पित की। इस अवसर पर भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा भी मौजूद रहे।

सतीश पटेल ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा, "योगेश पटेल ने मंजलपुर के विकास के लिए उल्लेखनीय कार्य किए थे और उनका लक्ष्य उन्हीं के अधूरे कार्यों को पूरा करना तथा उनके संकल्प को आगे बढ़ाना होगा।"

उन्होंने कहा, "प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने कार्यकर्ताओं को संबोधित किया और संगठन को मजबूत करने का संदेश दिया। जिस तरह दिवंगत योगेश पटेल को कार्यकर्ताओं का समर्थन मिला था, उसी तरह आज भी पार्टी पूरी एकजुटता के साथ चुनाव मैदान में है। हम उनके विकास कार्यों को आगे बढ़ाने के लिए प्रतिबद्ध हैं।"

भाजपा प्रदेश अध्यक्ष जगदीश विश्वकर्मा ने भी सतीश पटेल के पक्ष में समर्थन जताते हुए कहा, "दिवंगत विधायक योगेश पटेल ने मंजलपुर में विकास कार्यों के माध्यम से लोगों का विश्वास जीता था। पार्टी ने इस बार ऐसे कार्यकर्ता को उम्मीदवार बनाया है, जिसे संगठन और स्थानीय प्रशासन का लंबा अनुभव है और जिसने नगर निगम में भी सक्रिय भूमिका निभाई है।"

दूसरी ओर, कांग्रेस उम्मीदवार भीखाभाई रबारी ने 'विजय विश्वास संकल्प सभा' को संबोधित करने के बाद अपना नामांकन दाखिल किया। सभा में उन्होंने भाजपा सरकार पर विकास के दावों और जमीनी हकीकत के बीच अंतर होने का आरोप लगाया और मतदाताओं से बदलाव के लिए कांग्रेस का समर्थन करने की अपील की।

भीखाभाई रबारी ने कहा, "पार्टी ने उन पर भरोसा जताकर दोबारा चुनाव लड़ने का अवसर दिया है। यदि जनता उन्हें विजयी बनाती है तो वे विधानसभा में विपक्ष की मजबूत आवाज बनकर क्षेत्र और गरीब वर्ग के हितों के लिए काम करेंगे।"

उन्होंने विश्वास जताया कि मंजलपुर की जनता इस बार उन्हें समर्थन देगी और वे क्षेत्र की समस्याओं को प्राथमिकता के आधार पर उठाएंगे।

मंजलपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर दोनों प्रमुख दलों ने चुनाव प्रचार तेज कर दिया है और आने वाले दिनों में राजनीतिक गतिविधियां और तेज होने की संभावना है।

--आईएएनएस

एससीएच/डीकेपी

Share this story

Tags