मणिशंकर अय्यर डेड इंडी अलायंस को जिंदा करना चाहते हैं: शाहनवाज हुसैन
नई दिल्ली, 23 फरवरी (आईएएनएस)। भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने कांग्रेस नेता मणिशंकर अय्यर के ममता बनर्जी को इंडिया ब्लॉक गठबंधन का लीडर बताए जाने पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि मणिशंकर अय्यर डेड इंडी अलायंस को जिंदा करना चाहते हैं। अच्छा होगा वे ही लीडर बन जाए।
आईएएनएस से बातचीत में भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि ममता बनर्जी से ज्यादा सक्षम मणिशंकर अय्यर ही हैं, क्योंकि वे उनसे ज्यादा पढ़े-लिखे हैं। वे आईएफएस रहे हैं बहुत दिनों तक संसद में रहे हैं और कांग्रेस व इंडिया एलाइंस को भी जरूरत है, तो अगर मणिशंकर अय्यर को इंडिया एलाइंस का चीफ बनाया जाए, तो ज्यादा अच्छा होगा। उनका नाम कोई ले नहीं रहा है, इसलिए हमने ले दिया। इस पर चर्चा होनी चाहिए।
उन्होंने कहा कि इंडिया अलायंस नाम की कोई वस्तु धरती पर है ही नहीं। न कोई इसका ऑफिस है, न इसका कोई चेयरपर्सन है। लोकसभा चुनाव के बाद ही अलायंस खत्म हो चुका है। अंतिम संस्कार भी हो चुका है। मणिशंकर अय्यर इसे जिंदा करना चाहते हैं, तो खुद लीडर बन जाएं।
भाजपा प्रवक्ता शाहनवाज हुसैन ने जेएनयू हिंसा पर कहा कि वहां पर जो वामपंथी छात्र संगठन हैं, वो गुंडागर्दी पर उतर आए हैं। वो सिर्फ नारे नहीं लगाते, बल्कि मारपीट भी करते हैं। उन्होंने एबीवीपी के लोगों पर हमला किया। दिल्ली पुलिस को इस मामले में सख्त कार्रवाई करनी चाहिए।
महिलाओं के खिलाफ अत्याचार पर अफगानिस्तान के नए कानून पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि तालिबान अपनी हरकतों से बाज आने वाला नहीं है। ये लोग फिर से सत्ता में आ गए हैं। तालिबानी राज को लेकर लोगों में माहौल बन गया है कि वह कभी सही हो ही नहीं सकते। इन लोगों ने फतवा जारी किया है कि वे औरत को इतना मार सकते हैं जब तक हड्डी न टूटे, तो इन लोगों को इतना मारना चाहिए कि इनकी हड्डी टूट जाए।
एआई समिट को लेकर पीएम मोदी के कांग्रेस पार्टी पर दिए बयान पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि प्रधानमंत्री के मन में गुस्सा इस बात का है कि कांग्रेस ने जो हरकत की, उससे देश शर्मसार हुआ है, देश बदनाम हुआ है। ये कांग्रेस पार्टी जो पहले देश में प्रोपेगैंडा फैलाती थी, इस बार कांग्रेस का नंगापन बाहर आ गया है।
--आईएएनएस
डीकेएम/वीसी

