Samachar Nama
×

मनीषा कायंदे ने फ्लाई दुबई के कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को सराहा, बोलीं-वे सम्मान के हकदार

मनीषा कायंदे ने फ्लाई दुबई के कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को सराहा, बोलीं-वे सम्मान के हकदार
मनीषा कायंदे ने फ्लाई दुबई के कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी को सराहा, बोलीं-वे सम्मान के हकदार

मुंबई, 1 अक्टूबर (आईएएनएस)। शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने फ्लाई दुबई विमान के कैप्टन स्मित मच्छार की बहादुरी की तारीफ की। उन्होंने कहा कि कठिन परिस्थिति में भी कैप्टन मच्छार ने हिम्मत और धैर्य दिखाया। उनकी सूझबूझ से यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित हो सकी। मनीषा कायंदे ने कहा कि उनका साहस और कर्तव्यनिष्ठा सभी के लिए प्रेरणादायक है।

शिवसेना नेता मनीषा कायंदे ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बात करते हुए कहा कि जिस समय फ्लाइट को हाईजैक किए जाने की खबरें सामने आईं, उस दौरान कैप्टन मच्छार ने जिस तरह स्थिति को संभाला, वह उनकी हिम्मत और धैर्य को दर्शाता है। कैप्टन मच्छार अब देश के लिए एक नायक बन गए हैं। शिवसेना की ओर से उन्होंने उन्हें बधाई दी और उनके साहस की प्रशंसा की। कायंदे ने कहा कि अपनी जान जोखिम में डालकर उन्होंने कई लोगों की जान बचाई। इसके लिए वे बधाई और सम्मान के हकदार हैं।

शिवसेना नेता ने शिवसेना (यूबीटी) प्रमुख उद्धव ठाकरे पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि उद्धव ठाकरे भले ही इंडी गठबंधन का हिस्सा हैं, लेकिन उन्होंने अपना नेता बदल लिया है। कायंदे ने दावा किया कि अब उनके नेता राहुल गांधी या अखिलेश यादव नहीं, बल्कि अभिजीत दिपके हैं।

उन्होंने कहा कि अभिजीत दिपके मुंबई आकर शिवाजी पार्क में विरोध प्रदर्शन करना चाहते हैं और संभवतः उद्धव ठाकरे इसी की तैयारियों में व्यस्त हैं।

सीजेपी को लेकर मनीषा कायंदे ने कहा कि पुलिस ने उन्हें अनुमति नहीं दी। उन्होंने आरोप लगाया कि इससे पहले भी शिवाजी पार्क में उनके द्वारा कई तरह की गतिविधियां की गई थीं और अश्लीलता दिखाई गई थी। कायंदे ने आरोप लगाया कि वे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य नेताओं के बारे में आपत्तिजनक बयान देते रहे हैं।

उन्होंने सवाल उठाया कि क्या इस तरह की गतिविधियां ही उनकी भूमिका है और क्या वे जेनजी को इसी तरह की बातें सिखाना चाहते हैं। कायंदे ने कहा कि सार्वजनिक स्थानों पर होने वाले कार्यक्रमों और प्रदर्शनों में मर्यादा का ध्यान रखा जाना चाहिए।

--आईएएनएस

एसएके/वीसी

Share this story