दिल्ली में मणिपुरी संगीतकार की पीट-पीटकर हत्या, फुटेज में देंखे 7 गिरफ्तार; शोर करने से रोका तो घर तक पीछा कर हमला
दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के आश्रम इलाके में मणिपुर मूल के संगीतकार और म्यूजिक टीचर चोंगथम विक्रम सिंह की कथित तौर पर पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। 54 वर्षीय विक्रम सिंह ने घर के बाहर देर रात हो रहे शोर-शराबे का विरोध किया था। आरोप है कि इसके बाद विवाद बढ़ गया और कई लोगों ने उनके साथ मारपीट की। पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है, जबकि एक नाबालिग को भी हिरासत में लिया गया है।
रात करीब 11:30 बजे हुआ विवाद
घटना 6 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे दक्षिण-पूर्वी दिल्ली के किलोकरी इलाके में हुई। पुलिस और परिवार के मुताबिक, विक्रम सिंह के घर के बाहर कुछ डिलीवरी कर्मचारियों और ढाबे से जुड़े लोगों के शोर-शराबे को लेकर विवाद हुआ था। सिंह ने कथित तौर पर उन्हें आवाज कम करने के लिए कहा।परिवार का आरोप है कि बात इतनी बढ़ गई कि कुछ लोग सिंह के घर तक पहुंच गए और उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमले में आठ लोग शामिल थे।
दरवाजा खुलते ही आरोपी भागे
विक्रम सिंह की पत्नी जोशना ने घटना को याद करते हुए बताया कि हमलावर घर के दरवाजे तक पहुंच गए थे। परिवार के सदस्यों ने दरवाजा खोला तो वहां मारपीट की स्थिति थी। इसके बाद आरोपी मौके से भाग निकले।मारपीट के बाद विक्रम सिंह की हालत बिगड़ गई। उन्हें सांस लेने में परेशानी होने लगी और उनका ब्लड प्रेशर तेजी से गिर गया। परिजन उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले गए, लेकिन डॉक्टर उन्हें बचा नहीं सके। अस्पताल में उन्होंने सोमवार सुबह दम तोड़ दिया। रिपोर्ट्स के मुताबिक, मौत की वजह गंभीर चोटों के कारण हुआ रक्तस्रावी शॉक बताया गया है।
सात आरोपी गिरफ्तार, नाबालिग भी हिरासत में
दिल्ली पुलिस ने मामले में सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है और एक नाबालिग को हिरासत में लिया है। पुलिस का कहना है कि मामले की जांच जारी है और घटना के पीछे के सभी पहलुओं को देखा जा रहा है। फिलहाल पुलिस ने किसी नस्लीय या जातीय मकसद की पुष्टि नहीं की है, हालांकि इस पहलू की भी जांच की जा रही है।
मणिपुर के चर्चित संगीतकार थे विक्रम सिंह
विक्रम सिंह मणिपुर के चर्चित संगीतकारों में शामिल थे। उन्होंने अपने संगीत करियर की शुरुआत 1980 के दशक में की थी और Phoenix जैसे बैंड के साथ लीड गिटारिस्ट के तौर पर काम किया। बाद में वे दिल्ली आ गए और यहां संगीत शिक्षक के रूप में काम करते रहे। संगीत जगत से जुड़े लोगों ने उनके निधन पर गहरा दुख जताया है।विक्रम सिंह की मां चोंगथम कमला भी मणिपुर की जानी-मानी शास्त्रीय गायिका हैं। उन्हें मणिपुरी संगीत और सिनेमा में उनके योगदान के लिए बेहद सम्मान के साथ याद किया जाता है।
पत्नी बोलीं- बदला नहीं, न्याय चाहिए
विक्रम सिंह की पत्नी जोशना ने घटना के बाद निष्पक्ष और पारदर्शी जांच की मांग की है। परिवार का कहना है कि उन्हें किसी से बदला नहीं चाहिए, बल्कि दोषियों के खिलाफ कानून के मुताबिक कार्रवाई और न्याय चाहिए। घटना के बाद दिल्ली में रह रहे पूर्वोत्तर राज्यों के लोगों की सुरक्षा को लेकर भी सवाल उठे हैं।मामले को लेकर मणिपुर के मुख्यमंत्री ने भी दिल्ली सरकार से उच्चस्तरीय, निष्पक्ष और समयबद्ध जांच की मांग की है। पुलिस की कार्रवाई और जांच पर अब पीड़ित परिवार के साथ-साथ मणिपुरी समुदाय की भी नजर है।

