Samachar Nama
×

मणिपुर: यूथ ओलंपिक में देश के लिए जीता गोल्ड, सीएम खेमचंद सिंह ने लैरेनलाकपम अंबेकर को सम्मानित किया

मणिपुर: यूथ ओलंपिक में देश के लिए जीता गोल्ड, सीएम खेमचंद सिंह ने लैरेनलाकपम अंबेकर को सम्मानित किया
मणिपुर: यूथ ओलंपिक में देश के लिए जीता गोल्ड, सीएम खेमचंद सिंह ने लैरेनलाकपम अंबेकर को सम्मानित किया

इंफाल, 16 नवंबर (आईएएनएस)। मणिपुर के मुख्यमंत्री युमनाम खेमचंद सिंह ने यूथ ओलंपिक गेम्स 2026 में पुरुषों की 50 किलोग्राम मुक्केबाजी (बॉक्सिंग) स्पर्धा में गोल्ड जीतने वाले लैरेनलाकपम अंबेकर मीतेई को सम्मानित किया है।

मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के एक वरिष्ठ अधिकारी ने बताया कि इंफाल में सोमवार को मुख्यमंत्री सचिवालय में हुई मुलाकात के दौरान, खेमचंद सिंह ने कोचों को प्रोत्साहित करने और उनका समर्थन करने के महत्व पर जोर दिया। इसके साथ ही सीएम ने राज्य में सफल खिलाड़ियों को तैयार करने में कोचों के महत्वपूर्ण योगदान को सराहा।

मुख्यमंत्री युमनाम ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "उनकी इस शानदार उपलब्धि ने मणिपुर का मान बढ़ाया है और हमारे युवाओं को प्रेरित किया है। मैंने उन्हें राज्य सरकार की तरफ से निरंतर समर्थन का भरोसा दिलाया है और भविष्य में और भी बड़ी सफलता के लिए शुभकामनाएं दी हैं। अंबेकर, आपने मणिपुर को गौरवान्वित किया है। मैंने उन्हें देश और मणिपुर का नाम रोशन करने के लिए बधाई दी, उनके अनुशासन और लगन की तारीफ की जो युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणा है, राज्य सरकार के समर्थन का आश्वासन दिया और भविष्य के लिए शुभकामनाएं दीं।"

मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार की तरफ से दिए जाने वाले समर्थन के अलावा, स्थानीय खेल क्लबों से मिलने वाला प्रोत्साहन और मार्गदर्शन भी खिलाड़ियों के चरित्र और करियर को संवारने में अहम भूमिका निभाता है। सीएम ने जमीनी स्तर पर खिलाड़ियों को समर्थन देने के लिए संबंधित अधिकारियों की भी सराहना करते हुए कहा कि इस तरह की पहल खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय खेल प्रतियोगिताओं में सफल बनाने में बड़ा योगदान देती है।

यूथ ओलंपिक गेम्स की मुक्केबाजी प्रतियोगिता में भारत के दो प्रतिनिधि थे - पुरुषों की श्रेणी में मणिपुर से एक खिलाड़ी और महिलाओं की श्रेणी में हरियाणा से एक मुक्केबाज। दोनों मुक्केबाजों ने अपने-अपने भार वर्ग में गोल्ड मेडल जीते।

मुख्यमंत्री से मुलाकात पर लैरेनलाकपम अंबेकर मीतेई ने खुशी जताई। उन्होंने भविष्य में भी कड़ी मेहनत जारी रखने और अंतरराष्ट्रीय स्तर के और अधिक टूर्नामेंट्स में हिस्सा लेकर बड़ी उपलब्धियां हासिल करने का संकल्प भी जताया। इस बैठक में युवा मामले और खेल निदेशक, नेशनल स्पोर्ट्स एकेडमी (एनएसए) के अधिकारी, कोच, एथलीट्स के माता-पिता और अन्य लोग शामिल हुए।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story

Tags