Samachar Nama
×

मणिपुर: नोनी में सीआरपीएफ ने आयोजित की 10 किलोमीटर मैराथन

मणिपुर: नोनी में सीआरपीएफ ने आयोजित की 10 किलोमीटर मैराथन
मणिपुर: नोनी में सीआरपीएफ ने आयोजित की 10 किलोमीटर मैराथन

नोनी (मणिपुर), 12 सितंबर (आईएएनएस)। मणिपुर के नोनी जिले के पिनजांग गांव में 86वीं बटालियन केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की ओर से शनिवार को 10 किलोमीटर मैराथन का आयोजन किया गया। यह आयोजन आईजी मणिपुर एवं नागालैंड सेक्टर, सीआरपीएफ के मार्गदर्शन और 86वीं बटालियन के कमांडेंट सौरभ कुमार चौधरी की देखरेख में किया गया। मैराथन में विभिन्न आयु वर्ग के करीब 110 युवाओं ने हिस्सा लिया।

यह मैराथन स्पोर्ट्स फोर पीस एंड डेवलपमेंट अक्रॉस द नेशन (स्पंदन) कार्यक्रम के तहत आयोजित की गई। स्पंदन का उद्देश्य खेलों के माध्यम से शांति, राष्ट्रीय एकता और जमीनी स्तर पर खेल प्रतिभाओं को बढ़ावा देना है। साथ ही युवाओं को रचनात्मक गतिविधियों से जोड़कर नशे जैसी सामाजिक समस्याओं से दूर रखना और समाज में आपसी सौहार्द को मजबूत करना भी इस पहल का प्रमुख उद्देश्य है।

कार्यक्रम में मणिपुर सरकार की वाणिज्य एवं उद्योग विभाग की निदेशक हनाह कामेई, आईएएस मुख्य अतिथि के रूप में मौजूद रहीं। उन्होंने मैराथन को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान सीआरपीएफ के अधिकारी और जवान भी मौजूद रहे।

मुख्य अतिथि हनाह कामेई और 86वीं बटालियन सीआरपीएफ की सीएमओ डॉ. फ्लोरेंस डांगमेई ने विजेताओं को पुरस्कार प्रदान किए। प्रथम स्थान हासिल करने वाले प्रतिभागी को 10,000 रुपए, दूसरे स्थान के विजेता को 6,000 रुपए और तीसरे स्थान पर रहने वाले प्रतिभागी को 4,000 रुपए का नकद पुरस्कार दिया गया। विजेताओं को पदक और प्रमाणपत्र भी प्रदान किए गए। इसके अलावा, अन्य प्रतिभागियों को सांत्वना पुरस्कार भी दिए गए।

मैराथन में प्रथम स्थान तियांखमलुंग थाईमेई ने हासिल किया। चुंगुआंगलुंग थाईमेई और गेलांगम थाईमेई ने दूसरा स्थान साझा किया।

स्थानीय क्लबों, ग्रामीणों और युवाओं ने 86वीं बटालियन सीआरपीएफ की इस पहल की सराहना की। उन्होंने आयोजन के लिए सीआरपीएफ का आभार जताते हुए उम्मीद व्यक्त की कि भविष्य में भी क्षेत्र में इस तरह के खेल आयोजनों का सिलसिला जारी रहेगा।

--आईएएनएस

आरएसजी

Share this story