मणिपुर के जिरीबाम में नाव से 150 कार्टन बीयर बरामद, बाराक नदी पर चेकिंग के दौरान बड़ी कार्रवाई
जिरीबाम (मणिपुर), 24 अक्टूबर (आईएएनएस)। मणिपुर के जिरीबाम जिले में बाराक नदी के रास्ते अवैध रूप से ले जाई जा रही बीयर की बड़ी खेप को सुरक्षा बलों ने जब्त किया है। शनिवार को महावीर घाट के पास चलाए गए संयुक्त तलाशी अभियान के दौरान एक लॉन्च बोट से 150 कार्टन बीयर के कैन बरामद किए गए।
पुलिस के अनुसार, बाराक नदी के माध्यम से अवैध शराब की ढुलाई किए जाने की सूचना मिलने के बाद सुबह करीब 11 बजे यह विशेष अभियान चलाया गया। कार्रवाई में बोरोबेक्रा पुलिस थाना, सीआरपीएफ की बी/20 बटालियन और 38 असम राइफल्स के जवान शामिल रहे। अभियान का नेतृत्व जिरीबाम के अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (कानून-व्यवस्था) ने किया।
तलाशी के दौरान सुरक्षा बलों ने एक लॉन्च बोट को रोककर उसकी जांच की, जिसमें से 150 कार्टन बीयर के कैन बरामद हुए। प्रारंभिक पूछताछ में नाव मालिक की पहचान टलाना हमार (50) के रूप में हुई, जो टिपाईमुख का निवासी बताया गया है।
बरामद शराब और संबंधित व्यक्ति को आगे की कार्रवाई के लिए जिरीबाम आबकारी विभाग को सौंपने की प्रक्रिया जारी है।
पूर्वोत्तर राज्यों में सुरक्षा एजेंसियां लगातार अवैध तस्करी के खिलाफ अभियान चला रही हैं। हाल ही में मिजोरम के चाम्फाई जिले में असम राइफल्स ने अलग-अलग अभियानों में करीब 2.74 करोड़ रुपए मूल्य की हेरोइन और अवैध रूप से लाई गई बर्मी सुपारी जब्त की थी। इस कार्रवाई में एक म्यांमार नागरिक समेत चार लोगों को गिरफ्तार किया गया था।
सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, मिजोरम और मणिपुर म्यांमार सीमा से सटे होने और गोल्डन ट्रायंगल क्षेत्र के करीब होने के कारण लंबे समय से मादक पदार्थों और अन्य अवैध सामानों की तस्करी के संवेदनशील मार्ग माने जाते हैं। इसी वजह से सीमा क्षेत्रों और नदी मार्गों पर निगरानी लगातार बढ़ाई जा रही है।
अधिकारियों का कहना है कि अवैध शराब, नशीले पदार्थों और अन्य प्रतिबंधित वस्तुओं की तस्करी रोकने के लिए संयुक्त अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
--आईएएनएस
एएमटी/डीकेपी

