हालिया हार से टीम इंडिया को जरूरी 'रियलिटी चेक' मिला, यह अच्छी बात है: मनिंदर सिंह
नई दिल्ली, 22 जुलाई (आईएएनएस)। टी20 वर्ल्ड कप 2026 का खिताब जीतने के बाद, भारत नए कप्तान श्रेयस अय्यर की अगुवाई में आयरलैंड और इंग्लैंड में लगातार सीरीज हारने के बाद उबरने की कोशिश कर रहा है। भारत के पूर्व स्पिनर मनिंदर सिंह का मानना है कि यह भारतीय टीम के लिए अति-आत्मविश्वास को दूर करने के लिए जरूरी 'रियलिटी चेक' साबित हो सकता है।
मनिंदर ने भारत-जिम्बाब्वे के बीच टी20 सीरीज के ब्रॉडकास्टर 'फैनकोड' की तरफ से आयोजित एक खास बातचीत में 'आईएएनएस' को बताया, "मुझे लगता है कि हालात (हार में) ने भी भूमिका निभाई। ऐसा इसलिए है क्योंकि हमने भारत में वर्ल्ड कप जीता और भारत में ही आईपीएल खेला। इसलिए, हमारे खिलाड़ी ऐसे हालात में खेलने के आदी हैं। जैसे, अगर आप भारत में खेलने की बात करें, तो गेंद बल्ले पर बहुत अच्छी तरह आती है, लेकिन इंग्लैंड में हालात थोड़े अलग थे। इसलिए, वहां के अनुरूप ढलने में कुछ समय लगा, और इसीलिए उन्हें उन हालात में संघर्ष करना पड़ा। कभी-कभी (इस दौर से गुजरना) अच्छा होता है क्योंकि ऐसी बातें हो रही थीं कि भारत में इतना टैलेंट है कि वे तीन अलग-अलग टीमें बना सकते हैं।
उन्होंने कहा, "तो, लोग अलग तरह से सोचना शुरू करेंगे - कि हम अलग-अलग हालात में जाते हैं और थोड़ा संघर्ष करते हैं, और ऐसे हालात में एक क्रिकेटर खुद को कितनी जल्दी ढाल सकता है? इसे चयनकर्ता भी बारीकी से देखेंगे। एक तरह से, यह अच्छा है कि ऐसा थोड़ा झटका लगा, क्योंकि हमारी बेंच स्ट्रेंथ को लेकर यह अति-आत्मविश्वास था कि हम तीन टीमें बना सकते हैं, वह बहुत ज्यादा था। तो, वे उससे बाहर आएंगे।"
आयरलैंड और इंग्लैंड में, भारतीय बल्लेबाज लगातार गेंद की मूवमेंट और तेज उछाल का सामना करने में कमजोर साबित हुए। तेज गेंदबाजों की 'हार्ड लेंथ' वाली गेंदों पर गलत शॉट चुनने की वजह से वे बार-बार आउट हुए। इन तकनीकी दिक्कतों के साथ-साथ, प्लेइंग इलेवन में लगातार किए जा रहे बदलाव और खिलाड़ियों की फिटनेस से जुड़ी बढ़ती चिंताएं भी मुश्किलें बढ़ा रही थीं। हरारे स्पोर्ट्स क्लब के हालात भारतीय बल्लेबाजों के लिए एक और कड़ी परीक्षा साबित हो सकते हैं, क्योंकि वहां ओपन स्टैंड हैं और तेज गेंदबाजों को सीम और उछाल से शुरुआती मदद मिल सकती है। ब्लेसिंग मुजरबानी, रिचर्ड नगारवा, ब्रैड इवांस और न्यूमैन न्यामहूरी की चौकड़ी भारतीय बल्लेबाजों के लिए एक बड़ी चुनौती बन सकती है।
मनिंदर इसे भारत के युवा बल्लेबाजों के लिए एक मौका मानते हैं, जिससे वे साबित कर सकें कि आयरलैंड और इंग्लैंड में उनकी हालिया खराब फॉर्म सिर्फ एक अस्थायी समस्या थी। उन्होंने कहा, "वहां के हालात में गेंद भी स्विंग करती है। वहां का स्टेडियम बहुत खुला है, इसलिए गेंद स्विंग करेगी। मैं भी यह देखने का इंतजार कर रहा हूं कि ये क्रिकेटर कैसा प्रदर्शन करते हैं। हमारे जो बल्लेबाज इंग्लैंड में थोड़ा संघर्ष कर रहे थे—जैसे सूर्यवंशी, तिलक वर्मा, ईशान किशन, शिवम दुबे और सूर्यांश शेडगे—हमें उन्हें और देखने का मौका मिलेगा—जैसे कि जब हालात ऐसे हों, तो वे कितनी जल्दी खुद को उसके अनुसार ढालते हैं?"
उन्होंने कहा, "ऐसा इसलिए है क्योंकि यह इतना आसान नहीं है, लेकिन अगर मैं जिम्बाब्वे की टीम को देखूं, तो मुझे नहीं लगता कि उनका सामना करने में बहुत परेशानी होनी चाहिए, लेकिन यह तय है कि जिस तरह से आप इंग्लैंड में हारे और आयरलैंड से भी हारे, इन लड़कों के पास साबित करने के लिए कुछ होगा - कि यह सिर्फ एक ऐसी सीरीज थी जिसमें उनकी लय नहीं बन पाई थी। यह इन खिलाड़ियों के लिए एक और मौका है यह दिखाने का कि वे मुश्किल हालात में भी खुद को ढाल सकते हैं और अच्छा प्रदर्शन कर सकते हैं।"
इस दौरे से पहले चर्चा का एक मुख्य विषय खिलाड़ियों का लगातार रोटेशन रहा है। एक और हैरान करने वाली बात प्लेइंग इलेवन में बहुत सारे ऑलराउंडर्स को शामिल करना था, जिसके कारण कुलदीप यादव जैसे खिलाड़ी को वनडे में खेलने का मौका नहीं मिल पाया।
मनिंदर ने इसे एक सोची-समझी प्रक्रिया और उन खिलाड़ियों की पहचान करने का तरीका बताया जो अगले 12-18 महीनों के लंबे सफर के लिए मानसिक रूप से तैयार हैं। उन्होंने कहा, "जहां तक लगातार बदलावों की बात है, शायद वे खिलाड़ियों को परख रहे हैं। भविष्य के लिए, वे उन खिलाड़ियों पर नजर रखने की कोशिश कर रहे हैं जो अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट के लिए तैयार हैं और जो मानसिक रूप से तैयार हैं। ऐसा इसलिए है क्योंकि अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट में मानसिक रूप से मजबूत होना बहुत महत्वपूर्ण है। हो सकता है कि सेलेक्टर इस बात पर भी नजर रख रहे हों। कोचिंग स्टाफ, गौतम गंभीर और बाकी लोग शायद खिलाड़ियों को आजमाते हुए यह देख रहे हों कि कौन इंटरनेशनल क्रिकेट के लिए तैयार है, क्योंकि जब आप भारत में भारतीय टीम के लिए क्रिकेट खेलते हैं, तो काफी दबाव होता है। तो कोई खिलाड़ी उस दबाव का सामना कैसे कर रहा है? हो सकता है कि वे इस पर नजर रख रहे हों, इसीलिए टीम में इतने बदलाव हो रहे हैं। अगले 1-1.5 साल में उन्हें इस बारे में और जानकारी मिल जाएगी। इसलिए शायद आपको इतने बदलाव देखने को न मिलें।"
--आईएएनएस
आरएसजी

