Samachar Nama
×

मनीला के 100 साल पुराने गुरुद्वारे में पुनर्विकास कार्यक्रम में शाम‍िल होंगे पीएम मोदी, सिख समुदाय की सेवा को किया सलाम

मनीला के 100 साल पुराने गुरुद्वारे में पुनर्विकास कार्यक्रम में शामिल होंगे पीएम मोदी, सिख समुदाय की सेवा को किया सलाम
मनीला के 100 साल पुराने गुरुद्वारे में पुनर्विकास कार्यक्रम में शाम‍िल होंगे पीएम मोदी, सिख समुदाय की सेवा को किया सलाम

मनीला, 16 नवंबर (आईएएनएस)। फिलीपींस यात्रा के दौरान प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी मंगलवार को मनीला के ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत कार्यक्रम में शामिल होंगे। यह गुरुद्वारा एक सदी से भी अधिक पुराना है और इसका बड़ा आध्यात्मिक महत्व है।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर मनीला के ऐतिहासिक कार्यक्रम की जानकारी साझा करते हुए ल‍िखा, 'मंगलवार का द‍िन बहुत ही खास है। मुझे मनीला के ऐतिहासिक गुरुद्वारा खालसा दीवान में पुनर्विकास कार्यों की शुरुआत के अवसर पर आयोजित समारोह में शामिल होने का सौभाग्य मिलेगा। यह गुरुद्वारा एक सदी से भी अधिक पुराना है और इसका बहुत बड़ा आध्यात्मिक महत्व है।''

उन्‍होंने पोस्‍ट में आगे ल‍िखा, ''गुरु साहिबानों की शिक्षाओं से प्रेरित होकर सिख समुदाय ने दुनिया भर में अपनी एक अलग पहचान बनाई है। वे दूसरों की सेवा करने और एक बेहतर दुनिया बनाने में हमेशा सबसे आगे रहे हैं।''

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी दो दिवसीय दौरे पर फिलीपींस पहुंचे हैं, जहां वह 23वें आसियान-भारत शिखर सम्मेलन और 21वें पूर्वी एशिया शिखर सम्मेलन में भाग लेंगे। फिलीपींस, 2026 के लिए आसियान अध्यक्ष के रूप में इन सम्मेलनों की मेजबानी कर रहा है।

सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्‍स' पर प्रधानमंत्री के मनीला आगमन की जानकारी देते हुए विदेश मंत्रालय (एमईए) ने कहा, "यह दौरा 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' और 'इंडो-पैसिफिक विजन' के एक अहम हिस्से के रूप में आसियान के साथ भारत की साझेदारी को और मजबूत करता है।"

विदेश मंत्रालय के बयान के अनुसार, आसियान-भारत शिखर सम्मेलन में 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' के क्रियान्वयन में हुई प्रगति की समीक्षा की जाएगी। इसमें 'आसियान-भारत कार्य योजना 2026-2030' भी शामिल है। साथ ही, भविष्य में सहयोग की दिशा भी तय की जाएगी।

विदेश मंत्रालय ने कहा क‍ि भारत-आसियान संबंध, भारत की 'एक्ट ईस्ट पॉलिसी' और 'इंडो-पैसिफिक' के लिए हमारे विजन का एक मुख्य आधार हैं। यह दौरा ऐसे समय में हो रहा है, जब भारत और आसियान वर्ष 2026 को 'आसियान-भारत समुद्री सहयोग वर्ष' के रूप में मना रहे हैं। इसके अलावा, 2027 में हमारे संवाद संबंधों के 35 साल और 'व्यापक रणनीतिक साझेदारी' के पांच साल पूरे होने का जश्न मनाया जाएगा।

--आईएएनएस

एवाई/डीकेपी

Share this story

Tags