Samachar Nama
×

मानहानि केस में साकेत कोर्ट ने बॉक्सर मैरी कॉम को जारी किया नोटिस, 21 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई

मानहानि केस में साकेत कोर्ट ने बॉक्सर मैरी कॉम को जारी किया नोटिस, 21 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई
मानहानि केस में साकेत कोर्ट ने बॉक्सर मैरी कॉम को जारी किया नोटिस, 21 दिसंबर को होगी अगली सुनवाई

नई दिल्ली, 20 नवंबर (आईएएनएस)। ओलंपिक पदक विजेता और मशहूर बॉक्सर मैरी कॉम को पूर्व पति करोंग ऑनलर द्वारा दायर किए गए मानहानि केस में साकेत कोर्ट ने नोटिस जारी किया है। इस मामले की अगली सुनवाई 21 दिसंबर को होगी।

शुक्रवार को साकेत कोर्ट में मैरी कॉम के पूर्व पति ऑनलर और अन्य गवाहों ने अपने बयान दर्ज कराए। दरअसल, ऑनलर ने टेलीविजन कार्यक्रमों और अन्य सार्वजनिक मंचों पर उनके बारे में अपमानजनक और उनकी छवि को नुकसान पहुंचाने वाली टिप्पणियां का हवाला देते हुए मैरी कॉम के खिलाफ आपराधिक मानहानि का केस दर्ज कराया है।

यह घटनाक्रम इस पूर्व जोड़े के बीच जारी सार्वजनिक विवाद के बीच हुआ है। मैरी कॉम ने पहले ऑनलर पर अपने बॉक्सिंग करियर से कमाए करोड़ों रुपए की धोखाधड़ी करने का आरोप लगाया था। उन्होंने यह भी आरोप लगाया था कि उनके नाम पर लोन लिए गए, उनकी संपत्ति गिरवी रखी गई और उनकी उचित सहमति के बिना कुछ संपत्तियां ऑनलर के नाम ट्रांसफर कर दी गईं।

हालांकि, ऑनलर ने इन आरोपों को पूरी तरह से बेबुनियाद बताया था। ऑनलर का कहना था कि उनके छोटे बच्चे हैं और वह अब शराब नहीं पीते हैं। उन्होंने आरोप लगाया था कि मैरी कॉम उन्हें बदनाम करने का प्रयास कर रही हैं।

ऑनलर ने कहा था कि उनके खिलाफ कई आरोप लगाए गए हैं, लेकिन इसके बावजूद उन्होंने कभी भी जानबूझकर मैरी कॉम की निजी कमियों या व्यक्तिगत बातों को सार्वजनिक नहीं किया। उन्होंने कहा था, "क्या मैंने कभी किसी के सामने उनकी कोई कमजोरी उजागर की है? बिल्कुल नहीं। उनकी कई ऐसी आदतें हैं, जिन्हें मैं बता सकता हूं, लेकिन मैंने कभी उन्हें सार्वजनिक चर्चा का विषय नहीं बनाया।"

मैरी कॉम और ऑनलर ने वर्ष 2005 में विवाह किया था और उनके चार बच्चे हैं। ऑनलर ने मैरी के बॉक्सिंग करियर के दौरान हर कदम पर उनका समर्थन किया और जब वह अंतरराष्ट्रीय प्रतियोगिताओं में हिस्सा लेती थीं, तब परिवार और घर की जिम्मेदारियां संभालीं। हालांकि, लंबे समय से चले आ रहे मतभेदों के कारण दोनों के रिश्ते में दूरी बढ़ती गई और आखिरकार 2023 में उनका तलाक हो गया था।

--आईएएनएस

एसएम/एबीएम

Share this story

Tags