मंदिरों को मिली धमकी से न घबराएं भक्त, पुलिस और प्रशासन पूरी तरह सतर्क: श्री कालाराम मंदिर के पुजारी
नासिक, 9 नवंबर (आईएएनएस)। महाराष्ट्र के नासिक जिले के प्रमुख मंदिरों और देवस्थानों को नुकसान पहुंचाने और बम से उड़ाने की मिली धमकियों के बाद भक्तों में चिंता का माहौल है, हालांकि श्री कालाराम मंदिर के पुजारी धनंजय आनंद ने भक्तों से अपील की है कि वे घबराएं नहीं। उन्होंने भरोसा दिलाया है कि पुलिस और जिला प्रशासन ने सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए हैं और सभी मंदिरों में व्यवस्था पूरी तरह सतर्क है।
श्री कालाराम मंदिर के पुजारी धनंजय आनंद ने आईएएनएस से बातचीत में कहा कि हाल ही में जानकारी मिली है कि नासिक में कुछ महत्वपूर्ण मंदिरों और देवस्थानों को धमकियां मिली हैं। इस खबर के बाद से भक्तों के मन में सवाल उठ रहे हैं, लेकिन प्रशासन ने इस मामले को गंभीरता से लिया है और सुरक्षा व्यवस्था को और मजबूत कर दिया है।
उन्होंने कहा कि नासिक का पूरा प्रशासन और पुलिस प्रशासन इस मामले को लेकर पूरी तरह चौकस है। प्रशासन की व्यवस्था पूरी तरह से दुरुस्त है और किसी भी अप्रिय स्थिति से निपटने के लिए तैयार है। पुलिस की टीमें लगातार निगरानी कर रही हैं और मंदिरों के आसपास सुरक्षा बढ़ा दी गई है।
धनंजय आनंद ने बताया कि नासिक पुलिस प्रशासन, जिला प्रशासन और सभी मंदिरों की प्रबंधन व्यवस्था एक साथ मिलकर काम कर रही है। सभी मंदिरों में सुरक्षा को लेकर विशेष सतर्कता बरती जा रही है ताकि श्रद्धालु बिना किसी डर के दर्शन कर सकें। मंदिर परिसरों में भी सुरक्षा के सभी जरूरी कदम उठाए गए हैं।
उन्होंने भक्तों से विनती करते हुए कहा कि वे अपने मन में किसी भी प्रकार का भय न रखें। पूरे हर्षोल्लास के साथ मंदिरों में दर्शन के लिए आएं। त्योहारों और धार्मिक आयोजनों के समय भक्तों की भीड़ बढ़ जाती है, ऐसे में सभी को शांतिपूर्वक और अनुशासन के साथ दर्शन करने की अपील की गई है।
पुजारी ने कहा कि सभी मंदिरों का प्रशासन भक्तों की सेवा के लिए पूरी तरह उपलब्ध है। श्रद्धालुओं को किसी भी तरह की परेशानी न हो, इसके लिए मंदिर प्रबंधन और प्रशासन लगातार समन्वय में काम कर रहे हैं।
--आईएएनएस
पीआईएम/वीसी

