Samachar Nama
×

मैनचेस्टर सिटी ने नए कोचिंग स्टाफ का किया ऐलान, विली कैबलेरो की क्लब में वापसी

मैनचेस्टर सिटी ने नए कोचिंग स्टाफ का किया ऐलान, विली कैबलेरो की क्लब में वापसी
मैनचेस्टर सिटी ने नए कोचिंग स्टाफ का किया ऐलान, विली कैबलेरो की क्लब में वापसी

मैनचेस्टर, 9 जुलाई (आईएएनएस)। इंग्लिश प्रीमियर लीग क्लब मैनचेस्टर सिटी ने नए मैनेजर एन्जो मारेस्का के साथी कोचिंग स्टाफ की आधिकारिक घोषणा कर दी है। मारेस्का की इस नई टीम में सबसे बड़ा नाम क्लब के पूर्व गोलकीपर विली कैबलेरो का है, जिन्होंने कई साल बाद एक बार फिर मैनचेस्टर सिटी में वापसी की है।

क्लब ने बताया कि रॉबर्टो विटिएलो, विली कैबलेरो, डैनी वॉकर, मिशेल डी बर्नार्डिन, मार्कोस अल्वारेज, डेनिस सिल्वा और जेवियर मोलिना, एन्जो मारेस्का की नई टीम का हिस्सा होंगे। इसके अलावा सेट-पीस कोच जेम्स फ्रेंच और गोलकीपिंग कोच रिचर्ड राइट अपने मौजूदा पद पर बने रहेंगे।

43 वर्षीय एन्जो मारेस्का को पिछले महीने तीन साल के अनुबंध पर मैनचेस्टर सिटी का नया मैनेजर बनाया गया था। उनके साथ लंबे समय से काम कर रहे रॉबर्टो विटिएलो अब सहायक मैनेजर की जिम्मेदारी संभालेंगे। विटिएलो और मारेस्का का साथ खिलाड़ी के रूप में भी रहा है। दोनों ने इटली के कई क्लबों के लिए एक साथ खेला और बाद में कोचिंग में भी साथ काम किया। उन्होंने पर्मा, लीसेस्टर सिटी और चेल्सी में भी मारेस्का के साथ जिम्मेदारी निभाई।

अर्जेंटीना के पूर्व गोलकीपर विली कैबलेरो ने 2014 से 2017 के बीच मैनचेस्टर सिटी के लिए 48 मुकाबले खेले थे। वह क्लब के लिए लीग कप जीतने वाली टीम का भी हिस्सा रहे थे और पेनल्टी शूटआउट में उनके शानदार प्रदर्शन को आज भी याद किया जाता है। खिलाड़ी के रूप में क्लब छोड़ने के बाद कैबलेरो ने मारेस्का के साथ लीसेस्टर सिटी और चेल्सी में कोचिंग स्टाफ में काम किया। अब वह फिर से एतिहाद स्टेडियम लौट आए हैं।

डैनी वॉकर भी मैनचेस्टर सिटी में वापसी कर रहे हैं। उन्होंने पहले क्लब की अकादमी में काम किया था और बाद में मारेस्का के साथ लीसेस्टर तथा चेल्सी चले गए थे। नई जिम्मेदारियों के तहत मिशेल डी बर्नार्डिन को गोलकीपिंग विभाग का प्रमुख बनाया गया है। मार्कोस अल्वारेज फिटनेस कोच की भूमिका निभाएंगे, जबकि डेनिस सिल्वा मुख्य टीम के कोच होंगे। जेवियर मोलिना को टीम का नया प्रदर्शन विश्लेषक (एनालिस्ट) बनाया गया है।

--आईएएनएस

एसएम/पीएम

Share this story

Tags