Samachar Nama
×

‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने गाजियाबाद की बबीता शर्मा का किया जिक्र, पीएम स्वनिधि योजना ने बदली जिंदगी

‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने गाजियाबाद की बबीता शर्मा का किया जिक्र, पीएम स्वनिधि योजना ने बदली जिंदगी
‘मन की बात’ में पीएम मोदी ने गाजियाबाद की बबीता शर्मा का किया जिक्र, पीएम स्वनिधि योजना ने बदली जिंदगी

गाजियाबाद, 30 अगस्‍त (आईएएनएस)। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने रविवार को ‘मन की बात’ कार्यक्रम में प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के अंतर्गत महिलाओं के सशक्तिकरण को लेकर बात की, जिसमें गाजियाबाद की बबीता शर्मा का भी उल्लेख किया। उन्होंने बताया कि किस तरह एक महिला प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना का लाभ उठाकर समाज में नया मुकाम हासिल कर सकती है।

प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना की लाभार्थी बबीता शर्मा ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत में प्रधानमंत्री मोदी का धन्‍यवाद व्‍यक्‍त करते हुए कहा कि अगर केंद्र सरकार की तरफ से शुरू की गई स्वनिधि योजना का लाभ नहीं मिलता तो मुझे यह मुकाम हासिल नहीं होता। मुझे बहुत मुश्किलों का सामना करना पड़ा। एक समय था कि दो समय की रोटी की व्‍यवस्‍था चुनौती से भरी थी। मैं किसी के सामने पैसों को लेकर हाथ फैलाना नहीं चाहती थी। इस योजना ने मुझे आत्‍मनिर्भर बनाया है।

बबीता शर्मा ने बताया कि प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना से उनका जीवन बदल गया है। उन्होंने बताया कि कोविड के समय उनके पति उन्हें छोड़कर चले गए थे, तब वह अकेली रह गई थीं। उसके बाद उन्हें किसी के माध्यम से प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना के बारे में जानकारी मिली। तब उन्होंने पहले 10 हजार रुपए, उसके बाद 20 हजार रुपए और फिर 50 हजार रुपए का लोन लिया, जिससे आज वह अपनी दुकान को अच्छे से चला पा रही हैं और अपने बच्चों को भी पढ़ा-लिखा रही हैं।

उन्‍होंने कहा कि आज मैं लाचार नहीं हूं। मुझे केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ मिल रहा है। मेरे पास श्रम कार्ड, आयुष्‍मान कार्ड और राशन कार्ड हैं।

गाजियाबाद की डूडा अधिकारी प्रिया सारस्वत ने बताया कि किस तरह बबीता शर्मा ने 10 हजार रुपए के लोन से शुरुआत करते हुए 50 हजार रुपए तक का लोन प्राप्त किया और अपने काम को आगे बढ़ाया।

--आईएएनएस

एएसएच/डीकेपी

Share this story

Tags