Samachar Nama
×

‘मन की बात’ में बिहार के मखाना का जिक्र, सीएम सम्राट चौधरी और संजय सरावगी ने पीएम मोदी का जताया आभार

‘मन की बात’ में बिहार के मखाना का जिक्र, सीएम सम्राट चौधरी और संजय सरावगी ने पीएम मोदी का जताया आभार
‘मन की बात’ में बिहार के मखाना का जिक्र, सीएम सम्राट चौधरी और संजय सरावगी ने पीएम मोदी का जताया आभार

पटना, 25 अक्टूबर (आईएएनएस)। बिहार के मखाना की विदेशों में बढ़ती पहचान और यूरोपीय देश ग्रीस तक इसकी पहुंच का प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा ‘मन की बात’ कार्यक्रम में उल्लेख किए जाने पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने उनके प्रति आभार व्यक्त किया है।

मुख्यमंत्री ने रविवार को लोक सेवक आवास में प्रधानमंत्री के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 139वें एपिसोड का श्रवण किया। मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी ने बिहार के मखाना के अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंचने को राज्य के किसानों और उद्यमियों के लिए महत्वपूर्ण उपलब्धि बताया। उन्होंने कहा कि बिहार का मखाना आज वैश्विक बाजार में अपनी पहचान बना रहा है। यह राज्य के मेहनतकश किसानों, उद्यमियों और स्थानीय उत्पादों की क्षमता को नई पहचान देने वाला महत्वपूर्ण कदम है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘वोकल फॉर लोकल’ के मंत्र के अनुरूप स्वदेशी उत्पादों को प्रोत्साहन देने, बेहतर पैकेजिंग और स्थानीय उत्पादों के प्रचार-प्रसार पर जोर देने से बिहार के पारंपरिक उत्पादों के लिए वैश्विक बाजार में नई संभावनाएं खुल रही हैं। इससे स्थानीय उत्पादकों को अपने उत्पादों की गुणवत्ता और पहचान के आधार पर व्यापक बाजार तक पहुंचने का अवसर मिल रहा है।

इधर, बिहार भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी ने भाजपा प्रदेश कार्यालय में मन की बात सुनी। उन्होंने भी प्रधानमंत्री द्वारा बिहार के पूर्णिया के मखाना के यूरोपीय देश ग्रीस तक पहुंचने का उल्लेख किए जाने पर उनके प्रति हार्दिक आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि बिहार के सीमांचल क्षेत्र में उत्पादित मखाना अपनी गुणवत्ता और अंतरराष्ट्रीय मांग के कारण वैश्विक बाजार में पहचान बना रहा है। यह बिहार के किसानों की मेहनत और प्रधानमंत्री के ‘वोकल फॉर लोकल’ अभियान की सफलता का महत्वपूर्ण उदाहरण है।

सरावगी ने कहा कि स्थानीय उत्पादों को प्रोत्साहन देने, उनकी पैकेजिंग बेहतर बनाने और अंतरराष्ट्रीय बाजारों तक पहुंच सुनिश्चित करने से किसानों, उद्यमियों और छोटे कारोबारियों के लिए रोजगार एवं आर्थिक प्रगति के नए अवसर खुल रहे हैं। प्रधानमंत्री का यह संदेश बिहार के कृषि उत्पादों को वैश्विक पहचान दिलाने की दिशा में उत्साह बढ़ाने वाला है। प्रदेश अध्यक्ष ने कहा कि प्रधानमंत्री ने दीपावली और महापर्व छठ के संदर्भ में स्वच्छता के महत्व को भी रेखांकित किया है। छठ बिहार की आस्था, लोक परंपरा और प्रकृति के प्रति सम्मान का महापर्व है। ऐसे में घाटों, तालाबों, नदियों और आसपास के क्षेत्रों को स्वच्छ रखना सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।

--आईएएनएस

एमएनपी/एएस

Share this story