ममता के कुशासन से बंगाल तंग, 4 मई को भाजपा की बनेगी सरकार : संजय सेठ
रांची, 15 अप्रैल (आईएएनएस)। रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने पश्चिम बंगाल के विधानसभा चुनाव को लेकर दावा किया है कि यहां की जनता ने बंगाल में डबल इंजन की सरकार बनाने का संकल्प ले लिया है।
रांची में आईएएनएस से बातचीत में रक्षा राज्यमंत्री संजय सेठ ने कानून-व्यवस्था की बदतर स्थिति, बेरोजगारी और युवाओं के पलायन को लेकर मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर जोरदार हमला बोला है।
उन्होंने कहा कि बंगाल की जनता ममता बनर्जी के कुशासन से पूरी तरह तंग आ चुकी है। अब वहां भाजपा की सरकार बननी चाहिए। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में हो रहे विकास की बंगाल की जनता भी चाहत रखती है और केंद्र सरकार की योजनाओं का लाभ उन्हें भी मिलना चाहिए।
सेठ ने कहा कि बेटियां और महिलाएं यहां सुरक्षित नहीं हैं। बेरोजगारी के कारण लाखों युवा पलायन कर रहे हैं। जल्द ही यहां सुशासन की बयार बहेगी। रक्षा राज्यमंत्री ने दावा किया कि बंगाल की जनता ने फैसला कर लिया है कि 4 मई को भाजपा की सरकार बनेगी।
उन्होंने कहा कि बंगाल अब विकसित भारत के संकल्प के साथ तेजी से आगे बढ़ेगा। प्रधानमंत्री मोदी के नेतृत्व में अबकी बार बंगाल में भाजपा की सरकार बनेगी।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम का जिक्र करते हुए उन्होंने इसे नारी सशक्तिकरण की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम बताया है। उन्होंने बताया कि इसे जन-जन तक पहुंचाने के उद्देश्य से भव्य रैली का आयोजन किया गया। जेल मोड़ से प्रारंभ हुई यह उत्साहपूर्ण रैली कचहरी चौक, शहीद चौक होते हुए अल्बर्ट एक्का चौक तक पहुंची, जहां इसका समापन हुआ। रैली में शामिल मातृशक्ति और बहनों ने पूरे जोश और गर्व के साथ नारी शक्ति वंदन अधिनियम के प्रति समर्थन व्यक्त किया।
इस दौरान महिलाओं ने पंचायत से लेकर संसद तक 33 फीसदी आरक्षण सुनिश्चित करने के लिए पीएम मोदी के प्रति आभार प्रकट किया। यह रैली नारी शक्ति के आत्मविश्वास, अधिकार और भागीदारी की सशक्त अभिव्यक्ति रही।
नारी शक्ति वंदन अधिनियम देश की महिलाओं के लिए नए अवसरों के द्वार खोलने वाला ऐतिहासिक निर्णय है, जो उन्हें राष्ट्र निर्माण में और अधिक प्रभावी भूमिका निभाने के लिए सशक्त बनाएगा।
--आईएएनएस
डीकेएम/पीएम

