ममता बनर्जी कभी जिनका विरोध करती थीं, अब उनसे संपर्क कर रही हैं : राहुल सिन्हा
कोलकाता, 26 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के सांसद राहुल सिन्हा ने पश्चिम बंगाल की पूर्व सीएम ममता बनर्जी पर तंज कसते हुए कहा कि कभी जिनका विरोध करती थीं, आज उनसे संपर्क कर रही हैं।
भाजपा सांसद का यह बयान उस वक्त आया है, जब दावा किया जा रहा है कि ममता बनर्जी और सीपीआई (एम) महासचिव एमए. बेबी के बीच फोन पर एसआईआर के मुद्दे पर बातचीत हुई।
कोलकाता में मीडिया से बातचीत के दौरान भाजपा सांसद ने कहा कि ममता बनर्जी का अब कोई वजूद नहीं बचा है। इसीलिए उन्हें उन लोगों की शरण में जाना पड़ रहा है, जिनकी कभी वे आलोचना करती रही हैं। वह कांग्रेस के पास जाएंगी, सीपीआई (एम) के पास जाएंगी। वह पहले जिन दलों का विरोध करती थीं, अब उन्हीं के साथ संपर्क कर रही हैं। ममता बनर्जी अपने निजी राजनीतिक हितों के लिए अलग-अलग दलों से संपर्क कर रही हैं। राजनीति में उनका कोई स्थायी सिद्धांत या विचारधारा नहीं है।
कॉकरोच जनता पार्टी (सीजेपी) के अभिजीत दिपके के सीईसी के खिलाफ विरोध प्रदर्शन के ऐलान पर भाजपा सांसद ने कहा कि वह कौन हैं और उनकी क्षमता क्या है? बयान देने से कुछ नहीं होता है।
भाजपा सांसद ने बंगाल निकाय चुनाव को लेकर कहा कि पार्टी इन चुनावों के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने दावा किया कि पार्टी इन चुनावों में अच्छा प्रदर्शन करेगी।
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ को लेकर राहुल सिन्हा ने कहा कि किसी सरकार के सत्ता में आने या जाने से संघ के विस्तार पर कोई सीधा असर नहीं पड़ता। उन्होंने कहा कि सरकार के आने-जाने से संघ के बढ़ने या घटने जैसी कोई बात नहीं होती। संघ दुनिया का सबसे बड़ा राष्ट्रवादी संगठन तब भी था, जब हम सरकार में नहीं थे।
उन्होंने पश्चिम बंगाल का उदाहरण देते हुए कहा कि राज्य में भाजपा के सत्ता में आने से पहले भी संघ का विस्तार बड़े स्तर पर हुआ था। संघ का काम राष्ट्रवादी विचार और गतिविधियों को आगे बढ़ाना है तथा सरकार किसी भी दल की हो, संघ की गतिविधियां जारी रहेंगी। पहले राष्ट्रवादी गतिविधियों में कुछ तरह की रुकावटों का सामना करना पड़ता था, लेकिन अब परिस्थितियां अलग हैं। संघ का काम पहले की तरह आगे भी जारी रहेगा।
--आईएएनएस
डीकेएम/एबीएम

