ममता बनर्जी की सुरक्षा मामले पर बयानबाजी तेज, हुमायूं कबीर बोले- टीएमसी की इस हालत के बारे में किसी ने सोचा नहीं था
कोलकाता, 18 जून (आईएएनएस)। पश्चिम बंगाल की मुख्यमंत्री ममता बनर्जी की सुरक्षा से जुड़े विवाद और अरूप बिस्वास के पत्र को लेकर आम जनता उन्नयन पार्टी (एजेयूपी) के प्रमुख हुमायूं कबीर समेत नेताओं की प्रतिक्रियाएं सामने आई हैं।
पत्रकारों से बातचीत में हुमायूं कबीर ने कहा, "ममता बनर्जी की स्थिति ऐसी हो गई है कि वह जो भी करना चाहती हैं, वह हो नहीं पा रहा है। तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) की ऐसी स्थिति हो जाएगी, यह किसी ने नहीं सोचा था। ममता बनर्जी की सुरक्षा के मामले में अब देखना होगा कि आगे क्या होता है।"
सीपीआई(एम) विधायक मो. मुस्तफिजुर रहमान ने कहा, "इन लोगों को जो उचित लगा, उन्होंने वही किया। यदि उन्हें लगा कि खाते को फ्रीज करना जरूरी है तो उन्होंने ऐसा किया होगा। इस पर हमारी कोई विशेष प्रतिक्रिया नहीं है।"
उल्लेखनीय है कि टीएमसी के कोषाध्यक्ष अरूप बिस्वास की ओर से एचडीएफसी बैंक की सेंट्रल प्लाजा शाखा को पत्र लिखकर ऑल इंडिया तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के बैंक खातों को तत्काल फ्रीज करने की मांग किए जाने की बात सामने आई है।
मो. मुस्तफिजुर रहमान ने आगे कहा कि राज्यपाल के अभिभाषण को देखेंगे। यदि उसमें उनके मुद्दों को शामिल नहीं किया गया होगा तो वे अपने मुद्दे सदन में उठाएंगे। रेड रोड पर आयोजित योग कार्यक्रम को लेकर उन्होंने केवल इतना कहा कि राज्य की जनता काफी समझदार है।
भाजपा विधायक सजल घोष ने ममता की सुरक्षा से जुड़े मामले पर कहा, "किसी को क्या समस्या है? केवल पर्सनल सिक्योरिटी ऑफिसर (पीएसओ) को बदला गया है। पुराने पीएसओ में ऐसी क्या बात थी कि उसके बदले जाने पर सवाल उठाए जा रहे हैं?" अरूप बिस्वास के पत्र पर उन्होंने कहा, "जब बैंक खाते में हजारों करोड़ रुपये हों तो विवाद होना स्वाभाविक है।"
भाजपा विधायक रुद्रनील घोष ने कहा, "हर मुद्दे से भागने की उनकी प्रवृत्ति यह साबित करती है कि उनकी पार्टी कमजोर हो चुकी है। बंगाल की जनता ने टीएमसी से छुटकारा पाने के लिए मतदान किया। टीएमसी के लोगों ने गलत काम किए हैं, इसलिए वे भाग रहे हैं। देश के कानून से कौन भागता है?"
--आईएएनएस
एसडी/एएस

