'ममता बनर्जी के पास कोई विचारधारा और विजन प्लान नहीं', शिवसेना प्रवक्ता ने साधा निशाना
मुंबई, 29 अगस्त (आईएएनएस)। शिवसेना की प्रवक्ता शाइना एनसी ने टीएमसी प्रमुख और पश्चिम बंगाल की पूर्व मुख्यमंत्री ममता बनर्जी पर निशाना साधा है। शाइना एनसी ने कहा कि ममता बनर्जी के पास कोई विचारधारा और विजन प्लान नहीं है।
शिवसेना प्रवक्ता शाइना एनसी ने टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी के 'वोट चोरी' के आरोपों पर कहा, "ममता बनर्जी को एसआईआर को छोड़ना चाहिए और अपने मतदाताओं पर फोकस करना चाहिए।"
उन्होंने कहा, "चुनाव आयोग अपना काम कर रहा है। थोड़े साल बाद फर्जी मतदाताओं और डबल वोटर्स को हटाना पड़ता है। ममता बनर्जी की कोई विचारधारा और कोई विजन प्लान नहीं है। वो ऐसे बेबुनियादी आरोप लगाते रहेंगी।"
राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) प्रमुख मोहन भागवत के न्यूयॉर्क में आयोजित कार्यक्रम पर शाइना एनसी ने कहा, "अमेरिका में लाख से ज्यादा हिंदू रहते हैं, जिनमें प्रोफेशनल्स, डॉक्टर, वकील, वैज्ञानिक, टैक्सी ड्राइवर शामिल हैं। हमारे संघ के सरसंघचालक मोहन भागवत मैडिसन स्क्वायर गार्डन में उनको संबोधित करेंगे।"
शिवसेना प्रवक्ता ने कहा, "यह गर्व की बात है कि जब वो बोलते हैं 'वसुधैव कुटुम्बकम', यानी कि 'दुनिया एक परिवार है', वहां भारत ने यह लीड ली है। क्योंकि संघ 100 साल पुराना कल्चरल ऑर्गनाइजेशन है, जिसका एक ही लक्ष्य है राष्ट्रवाद और सेवाप्रकल्प।"
नेपाल त्रासदी पर उन्होंने कहा, "भारत ने हमेशा नेपाल की मदद की है और करते जाएंगे। मिनिस्ट्री ऑफ होम अफेयर्स, एक्सटर्नल अफेयर्स मिनिस्ट्री, इंडियन एम्बेसी सभी लगातार डायलॉग और कन्वर्सेशन में हैं। हेल्पलाइन लागू किए हैं। हमारे महाराष्ट्र के नेता एकनाथ शिंदे, देवेंद्र फडणवीस ने स्वयं बहुत सारे लोगों के साथ महाराष्ट्र से, अहिल्यानगर से, नासिक से, मुंबई से, पुणे से जो टूरिस्ट वहां थे, उनको सुरक्षित वापस लाने के लिए संवाद किया।"
उन्होंने कहा कि यह एक प्राकृतिक आपदा है। इसके पर्यावरण के दृष्टिकोण से भी आज हमें चर्चा करने की आवश्यकता है, ताकि हम सावधान रहें।
नेपाल के प्रधानमंत्री के अपनी पहली आधिकारिक यात्रा पर भारत आने को लेकर शाइना एनसी ने कहा, "यह गर्व की बात है। हमारे अपने पड़ोसियों के साथ हमेशा अच्छे संबंध होने चाहिए। फिलहाल, नेपाल की मदद करना जरूरी है।"
--आईएएनएस
डीसीएच/

