मालिक को पलक झपकाते देख कुत्ते भी ज्यादा झपकाते हैं आंखें, अध्ययन में खुलासा
रोम, 26 अगस्त (आईएएनएस)। अगर आपका पालतू कुत्ता आपको गौर से देखते हुए अपनी आंखें बार-बार झपकाता है, तो हो सकता है कि वह महज आंखों को नम रखने के लिए ऐसा नहीं कर रहा हो बल्कि आपको देख ये उसकी आदत में शुमार हो गया हो। एक नया अध्ययन तो इसी ओर इशारा करता है।
इटली की यूनिवर्सिटी ऑफ पर्मा के शोधकर्ताओं ने 35 अलग-अलग नस्लों के कुत्तों पर यह अध्ययन किया। कुत्तों को 40-40 सेकंड के वीडियो दिखाए गए, जिनमें उनके मालिक और दो अनजान लोग नजर आ रहे थे। एक वीडियो में लोग हर तीन सेकंड में पलक झपकाते थे, जबकि दूसरे में वे बिना पलक झपकाए सीधे सामने देखते थे। ये स्टडी द रॉयल सोसाइटी ओपन साइंस जर्नल में 26 अगस्त 2026 को प्रकाशित की गई।
शोधकर्ताओं ने पाया कि इंसानों के पलक झपकाने पर कुत्तों ने सामान्य स्थिति की तुलना में ज्यादा बार पलकें झपकाईं। खास बात यह रही कि यह प्रतिक्रिया मुख्य रूप से उनके मालिकों को देखकर सामने आई। अनजान लोगों के पलक झपकाने पर कुत्तों में ऐसा स्पष्ट बदलाव नहीं देखा गया।
शोधकर्ताओं के मुताबिक, इससे संकेत मिलता है कि कुत्ते इंसानी चेहरे के बेहद सूक्ष्म संकेतों पर भी ध्यान देते हैं और प्रतिक्रिया इस बात पर निर्भर कर सकती है कि सामने वाला उनके लिए कितना सामाजिक रूप से महत्वपूर्ण है।
हालांकि वैज्ञानिकों ने यह भी सावधानी बरतने को कहा है कि इसका मतलब यह नहीं है कि कुत्ते जानबूझकर पलक झपकाकर कोई खास संदेश देते हैं। अध्ययन यह साबित नहीं करता कि कुत्ते की हर पलक का कोई निश्चित अर्थ होता है।
शोधकर्ता चियारा कैनोरी के अनुसार, पलक झपकाना आंखों की सुरक्षा और नमी बनाए रखने के लिए जरूरी एक स्वाभाविक क्रिया है, लेकिन सामाजिक परिस्थितियां भी इस व्यवहार को प्रभावित कर सकती हैं। यह संभव है कि पलक झपकाना कुत्तों और उनके मालिकों के बीच ध्यान या जुड़ाव का एक सूक्ष्म संकेत हो।
--आईएएनएस
केआर/

