Samachar Nama
×

मालदा में सरकारी काम में बाधा पहुंचने के मामले में 31 आरोपियों के खिलाफ एनआईए ने चार्जशीट दाखिल की

मालदा, 2 जून (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने पश्चिम बंगाल के मालदा जिले में चुनाव से पहले सड़क जाम करने और न्यायिक अधिकारियों को अवैध रूप से रोकने के मामलों में बड़ी कार्रवाई की है। एनआईए ने इस मामले से जुड़े चार अलग-अलग केसों में कुल 31 आरोपियों के खिलाफ आरोप पत्र दाखिल किया है। यह आरोप पत्र कोलकाता स्थित एनआईए की विशेष अदालत में प्रस्तुत किया गया।

यह मामला एसआईआर प्रक्रिया से जुड़ा हुआ है, जिसमें आरोप है कि कुछ लोगों ने सुनियोजित तरीके से सरकारी कार्य में बाधा डालने और सार्वजनिक व्यवस्था को प्रभावित करने की कोशिश की। आरोपियों पर भारतीय न्याय संहिता, 2023, राष्ट्रीय राजमार्ग अधिनियम, 1956 और पश्चिम बंगाल लोक व्यवस्था बनाए रखने अधिनियम, 1972 के तहत विभिन्न गंभीर धाराओं में मामला दर्ज किया गया है।

जांच एजेंसी के अनुसार, यह घटनाएं अप्रैल में राज्य विधानसभा चुनावों से पहले सामने आई थीं, जब मालदा के कई इलाकों में सड़कें जाम की गईं और न्यायिक अधिकारियों को उनके कार्यस्थल तक पहुंचने से रोका गया। इन अधिकारियों को अवैध रूप से हिरासत में लेकर उनके कार्य में बाधा पहुंचाई गई।

एनआईए ने अपनी जांच में डिजिटल साक्ष्य, दस्तावेजी रिकॉर्ड और कई गवाहों के बयान शामिल किए हैं। इन सबूतों के आधार पर एजेंसी ने यह दावा किया है कि आरोपियों ने एक संगठित तरीके से गैरकानूनी सभा की और सार्वजनिक सड़कों को अवरुद्ध कर प्रशासनिक कार्यों को प्रभावित किया।

जांच में यह भी सामने आया है कि आरोपियों ने चुनावी प्रक्रिया से जुड़े विशेष कार्यों में लगे अधिकारियों को जानबूझकर रोका, जिससे सरकारी कार्यों में गंभीर बाधा उत्पन्न हुई। एजेंसी का कहना है कि इन गतिविधियों से न केवल कानून व्यवस्था प्रभावित हुई, बल्कि संवैधानिक और प्रशासनिक प्रक्रियाएं भी बाधित हुईं।

यह भी बताया गया है कि राष्ट्रीय जांच एजेंसी ने इन मामलों की जांच सुप्रीम कोर्ट के निर्देश और स्वतः संज्ञान के बाद अपने हाथ में ली थी। अदालत के आदेश के बाद मामले की गंभीरता को देखते हुए विस्तृत जांच शुरू की गई।

एनआईए ने कहा है कि जांच अभी जारी है और इस साजिश में शामिल अन्य फरार आरोपियों की तलाश की जा रही है। एजेंसी यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस पूरी घटना के पीछे और कौन लोग शामिल थे और इसका नेटवर्क कितना व्यापक था।

--आईएएनएस

एसएचके/वीसी

Share this story

Tags