Samachar Nama
×

कराची में सिंध रेंजर्स मुख्यालय पर बड़ा आतंकी हमला, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे 4 जवान शहीद; जवाबी कार्रवाई में 6 आतंकवादी ढेर

कराची में सिंध रेंजर्स मुख्यालय पर बड़ा आतंकी हमला, एक्सक्लूसिव फुटेज में देंखे 4 जवान शहीद; जवाबी कार्रवाई में 6 आतंकवादी ढेर

पाकिस्तान के कराची शहर में शनिवार रात बड़ा आतंकी हमला हुआ। आतंकवादियों ने सिंध रेंजर्स के पैरामिलिट्री मुख्यालय पर धावा बोल दिया। इस हमले में चार रेंजर्स जवानों की मौत हो गई, जबकि सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में छह आतंकवादी मारे गए। एक हमलावर को घायल अवस्था में गिरफ्तार कर लिया गया है।

रिपोर्ट्स के मुताबिक, हमला रात करीब 8:30 बजे गुलिस्तान-ए-जौहर इलाके में स्थित सिंध रेंजर्स मुख्यालय पर हुआ। आतंकवादी एक वाहन से मुख्य गेट तोड़कर परिसर में घुस गए। इसके बाद उन्होंने हैंड ग्रेनेड फेंके और अंधाधुंध फायरिंग शुरू कर दी, जिससे पूरे इलाके में दहशत फैल गई।

करीब 90 मिनट तक चली मुठभेड़ के दौरान स्पेशल सिक्योरिटी यूनिट (SSU), एंटी टेररिस्ट फोर्स (ATF) और सिंध रेंजर्स ने संयुक्त अभियान चलाकर सभी हमलावरों को निष्क्रिय कर दिया। कार्रवाई में छह आतंकवादी मारे गए, जबकि एक को घायल हालत में गिरफ्तार कर लिया गया।सुरक्षा एजेंसियों के अनुसार, हमलावर प्रतिबंधित आतंकी संगठन तहरीक-ए-तालिबान पाकिस्तान (TTP) के धड़े जमात-उल-अहरार से जुड़े थे। संगठन ने इस हमले की जिम्मेदारी भी ली है।

बताया जा रहा है कि जमात-उल-अहरार लंबे समय से अफगानिस्तान सीमा से लगे खैबर पख्तूनख्वा क्षेत्र में नागरिकों, सुरक्षा बलों और सरकारी प्रतिष्ठानों को निशाना बनाता रहा है। कराची में हुआ यह हमला पाकिस्तान की सुरक्षा व्यवस्था के लिए एक बड़ी चुनौती माना जा रहा है।घटना के बाद पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी गई है और सुरक्षा एजेंसियां मामले की विस्तृत जांच में जुटी हैं। साथ ही संभावित खतरे को देखते हुए कराची के संवेदनशील इलाकों में सुरक्षा व्यवस्था भी कड़ी कर दी गई है।

Share this story

Tags