भारत के वीजा सिस्टम में बड़ा बदलाव: वीडियो में जाने मुख्य कैटेगरी 13 से घटाकर 9 कीं, टूरिस्ट वीजा अब कहलाएगा विजिटर वीजा
भारत सरकार ने विदेशी नागरिकों के लिए वीजा प्रक्रिया को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। गृह मंत्रालय ने देश के वीजा सिस्टम में बदलाव करते हुए मुख्य वीजा कैटेगरी की संख्या 13 से घटाकर 9 कर दी है। वहीं, सब-कैटेगरी को भी 49 से कम करके 23 कर दिया गया है। इस बदलाव का उद्देश्य विदेशियों के लिए सही वीजा का चयन करना और आवेदन प्रक्रिया को सरल बनाना है।
नई व्यवस्था के तहत वीजा आवेदन फॉर्म में भरे जाने वाले कॉलम भी करीब 65 से 70 प्रतिशत तक कम कर दिए गए हैं। इससे आवेदकों को पहले के मुकाबले कम जानकारी भरनी होगी और आवेदन की प्रक्रिया आसान हो सकेगी। सरकार की योजना के मुताबिक नई व्यवस्था दिसंबर 2026 तक पूरी तरह लागू हो जाएगी।इससे पहले अक्टूबर 2025 में भी वीजा सिस्टम में बदलाव किया गया था। उस समय मुख्य वीजा कैटेगरी की संख्या 22 से घटाकर 13 और सब-कैटेगरी की संख्या 63 से कम करके 49 की गई थी। अब एक बार फिर कैटेगरी और सब-कैटेगरी की संख्या घटाकर व्यवस्था को और सरल बनाया जा रहा है।
टूरिस्ट वीजा का नाम बदलकर हुआ विजिटर वीजा
नई व्यवस्था में सबसे अहम बदलाव टूरिस्ट वीजा को लेकर किया गया है। अब टूरिस्ट वीजा को विजिटर वीजा के नाम से जाना जाएगा। इसके तहत भारत आने वाले विदेशी नागरिकों को उनकी यात्रा के उद्देश्य और अवधि के अनुसार दो तरह के वीजा दिए जाएंगे। इनमें V-1 और V-2 वीजा शामिल हैं।
V-1 वीजा: 30 दिन तक भारत आने की सुविधा
V-1 विजिटर वीजा 30 दिनों के लिए जारी किया जाएगा। इसकी खास बात यह है कि इस अवधि में विदेशी नागरिकों को कई बार भारत आने की अनुमति होगी। इस वीजा का इस्तेमाल पर्यटन के साथ कारोबारी बैठकों, मेडिकल कंसल्टेंसी, कम समय के इलाज और छोटे अवधि के कोर्स करने के लिए किया जा सकेगा।इससे उन विदेशी नागरिकों को सुविधा मिलेगी, जिन्हें कम समय के लिए अलग-अलग उद्देश्यों से भारत आना होता है। उन्हें हर बार अपनी यात्रा के उद्देश्य के अनुसार अलग-अलग वीजा कैटेगरी तलाशने की जरूरत नहीं पड़ेगी।
V-2 वीजा: एक से 10 साल तक की वैधता
V-2 वीजा लंबे समय तक भारत आने-जाने वाले विदेशी नागरिकों के लिए होगा। इसे एक साल, पांच साल या 10 साल की अवधि के लिए जारी किया जा सकेगा। इस वीजा के तहत पर्वतारोहण जैसी गतिविधियों की भी अनुमति होगी।
172 देशों के नागरिकों को मिलती है ई-वीजा सुविधा
फिलहाल भारत 172 देशों के नागरिकों को ई-वीजा की सुविधा देता है। वीजा कैटेगरी में कमी और आवेदन फॉर्म के कॉलम घटाने से विदेशी नागरिकों के लिए आवेदन प्रक्रिया पहले से अधिक सुविधाजनक होने की उम्मीद है।सरकार का यह कदम भारत आने वाले पर्यटकों, कारोबारियों और अन्य विदेशी नागरिकों के लिए वीजा व्यवस्था को सरल बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण माना जा रहा है। दिसंबर 2026 तक नई व्यवस्था लागू होने के बाद विदेशी आवेदकों को कम विकल्पों में अपनी जरूरत के अनुसार वीजा चुनने और आवेदन करने में आसानी होगी।

