भारत के वीजा सिस्टम में बड़ा बदलाव: 13 से घटकर 9 हुईं मुख्य कैटेगरी, टूरिस्ट वीजा का नाम बदलकर हुआ विजिटर वीजा
केंद्र सरकार ने भारत आने वाले विदेशी नागरिकों के लिए वीजा व्यवस्था को आसान बनाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया है। केंद्रीय गृह मंत्रालय ने भारतीय वीजा सिस्टम में बदलाव करते हुए मुख्य वीजा कैटेगरी की संख्या 13 से घटाकर 9 कर दी है। वहीं, सब-कैटेगरी की संख्या भी 49 से कम करके 23 कर दी गई है। सरकार का कहना है कि इस बदलाव से विदेशी पर्यटकों, कारोबारियों, छात्रों, मरीजों और शोधकर्ताओं को अपनी यात्रा के उद्देश्य के अनुसार सही वीजा चुनने में आसानी होगी।
इस बदलाव के साथ वीजा आवेदन की प्रक्रिया को भी सरल बनाया गया है। अब आवेदन फॉर्म में मांगी जाने वाली जानकारियों और कॉलम की संख्या 65 से 70 प्रतिशत तक कम कर दी गई है। इससे विदेशी नागरिकों को आवेदन भरने में पहले के मुकाबले कम समय और मेहनत लगेगी। गृह मंत्रालय के मुताबिक, जरूरी जानकारियों को बरकरार रखते हुए फॉर्म को छोटा किया गया है, ताकि आवेदन प्रक्रिया आसान हो सके।
टूरिस्ट वीजा का नाम बदलकर हुआ विजिटर वीजा
नई व्यवस्था में सबसे अहम बदलाव टूरिस्ट वीजा को लेकर किया गया है। अब इसे विजिटर वीजा के नाम से जाना जाएगा। इसका दायरा केवल घूमने-फिरने तक सीमित नहीं रहेगा, बल्कि इसमें कई अन्य छोटी अवधि की गतिविधियों को भी शामिल किया गया है।
विजिटर वीजा को दो सब-कैटेगरी V-1 और V-2 में बांटा गया है। V-1 वीजा 30 दिन के लिए जारी होगा और इसमें मल्टीपल एंट्री की सुविधा मिलेगी। इसके तहत विदेशी नागरिक भारत में पर्यटन के अलावा बिजनेस मीटिंग, मेडिकल कंसल्टेशन, वेलनेस रिट्रीट, कम अवधि के इलाज और भारतीय भाषाओं, संगीत, कला व हस्तशिल्प के छोटे कोर्स कर सकेंगे।
वहीं, V-2 वीजा लंबी अवधि के लिए होगा। इसकी वैधता जरूरत और निर्धारित शर्तों के अनुसार 1 साल, 5 साल या 10 साल तक हो सकती है। इसमें V-1 के तहत आने वाली गतिविधियों के अलावा पर्वतारोहण की अनुमति भी शामिल होगी। पर्वतारोहण के लिए 6 महीने का मल्टीपल एंट्री वीजा दिया जाएगा।
मेडिकल वीजा के नियमों में भी बदलाव
सरकार ने मेडिकल वीजा की व्यवस्था को भी नए सिरे से व्यवस्थित किया है। सामान्य चिकित्सा पद्धतियों के तहत इलाज कराने वाले विदेशी नागरिकों के लिए M-1 और आयुष पद्धति से उपचार कराने वालों के लिए M-3 वीजा की व्यवस्था की गई है। इन वीजा की सामान्य वैधता एक साल होगी और इनमें मल्टीपल एंट्री की सुविधा मिलेगी।
मरीजों के साथ आने वाले परिजनों या सहायकों के लिए भी अलग श्रेणियां निर्धारित की गई हैं। सामान्य चिकित्सा उपचार के मरीजों के साथ आने वाले लोगों को M-2 और आयुष उपचार कराने वाले मरीजों के सहायकों को M-4 वीजा दिया जाएगा।
कब से लागू होगी नई व्यवस्था?
गृह मंत्रालय ने बताया कि नई वीजा व्यवस्था को लागू करने के लिए आईटी सिस्टम को अपडेट किया जा रहा है। सरकार की योजना है कि वर्ष 2026 के अंत तक संशोधित व्यवस्था के तहत वीजा जारी करना शुरू कर दिया जाए। फिलहाल ई-वीजा सुविधा 172 देशों के नागरिकों के लिए उपलब्ध है।
गौरतलब है कि वीजा व्यवस्था को सरल बनाने की यह दूसरी बड़ी कवायद है। इससे पहले अक्टूबर 2025 में मुख्य वीजा कैटेगरी 22 से घटाकर 13 और सब-कैटेगरी 63 से घटाकर 49 की गई थीं। अब नए बदलावों के बाद भारत की वीजा व्यवस्था में मुख्य कैटेगरी की संख्या 9 और सब-कैटेगरी की संख्या 23 रह गई है। सरकार का उद्देश्य विदेशी नागरिकों के लिए भारत में पर्यटन, शिक्षा, चिकित्सा और कारोबार से जुड़ी यात्राओं को अधिक सुविधाजनक बनाना है।

