उत्तर प्रदेश : मैनपुरी में पुलिस और बदमाश के बीच मुठभेड़, चेन स्नेचिंग का आरोपी गिरफ्तार
मैनपुरी, 8 अक्टूबर (आईएएनएस)। यूपी के मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र में महिला के साथ हुई चेन स्नेचिंग की घटना का पुलिस ने खुलासा करते हुए एक आरोपी को मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी की पहचान अबरार के रूप में हुई है। मुठभेड़ के दौरान आरोपी के पैर में गोली लगी, जबकि पुलिस की ओर से एक चौकी प्रभारी भी घायल हो गए।
पुलिस के मुताबिक, कोतवाली क्षेत्र में महिला के साथ बाइक सवार तीन युवकों ने चेन स्नेचिंग की घटना को अंजाम दिया था। घटना के बाद पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी थी। इसी दौरान मुखबिर से पुलिस को आरोपी अबरार के संबंध में सूचना मिली। सूचना के आधार पर पुलिस ने आरोपी को पकड़ने के लिए चेकिंग अभियान शुरू किया।
बताया गया कि आरोपी मैनपुरी कोतवाली क्षेत्र से होकर एलाऊ थाना क्षेत्र की ओर जा रहा था। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया, लेकिन आरोपी ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में पुलिस ने भी गोली चलाई, जिसमें आरोपी के पैर में गोली लग गई। इसके बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
मुठभेड़ के दौरान एक चौकी प्रभारी के भी घायल होने की बात सामने आई है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, बाइक और 16 हजार रुपए नकद बरामद किए हैं। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार आरोपी अबरार के खिलाफ पहले से कई आपराधिक मुकदमे दर्ज हैं।
घटना की जानकारी मिलते ही एएसपी सिटी अरुण कुमार मौके पर पहुंचे और घटनास्थल का जायजा लिया। पुलिस अधिकारियों ने मुठभेड़ और बरामदगी से संबंधित जानकारी जुटाई। घायल आरोपी को तत्काल उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उसका इलाज कराया जा रहा है।
पुलिस का कहना है कि चेन स्नेचिंग की वारदात में शामिल दो अन्य आरोपियों की तलाश जारी है। उनकी गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस टीम घटना में शामिल सभी आरोपियों की भूमिका की जांच कर रही है।
एएसपी सिटी अरुण कुमार ने बताया कि पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली थी, जिसके बाद कार्रवाई की गई। घायल आरोपी को इलाज के लिए पास के अस्पताल में भर्ती कराया गया है। 3 तारीख को कोतवाली थाना क्षेत्र में एक महिला के साथ चेन स्नेचिंग की घटना हुई थी। इस मामले में कोतवाली थाना क्षेत्र के अंतर्गत तीन टीमें बनाई गई थीं। तीनों टीमें लगातार इस केस पर काम कर रही थीं। सीसीटीवी फुटेज से हमें उस गाड़ी के बारे में पता चला जिसका इस्तेमाल इस घटना में किया गया था। उसकी जानकारी मिलने के बाद, जांच अधिकारी और हमारी टीम ने गाड़ी का पीछा किया और इटावा पहुंचे। गाड़ी को इटावा से बरामद कर लिया गया।"
--आईएएनएस
एसएके/एबीएम

