Samachar Nama
×

अखिलेश यादव के आरोप पर मेयर सुषमा खर्कवाल बोलीं, मैंने किसी की भी मां के बारे में कुछ नहीं कहा

लखनऊ, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उनकी दिवंगत मां का अपमान किया है। भारतीय समाज में कभी भी, किसी की भी मां का अपमान स्वीकार्य नहीं है। अखिलेश के आरोप पर जवाब देते हुए मेयर सुषमा खड़कवाल ने कहा कि मैंने किसी की भी मां के बारे में कुछ नहीं कहा है।
अखिलेश यादव के आरोप पर मेयर सुषमा खर्कवाल बोलीं, मैंने किसी की भी मां के बारे में कुछ नहीं कहा

लखनऊ, 22 अप्रैल (आईएएनएस)। समाजवादी पार्टी के प्रमुख अखिलेश यादव ने लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल पर आरोप लगाया है कि उन्होंने उनकी दिवंगत मां का अपमान किया है। भारतीय समाज में कभी भी, किसी की भी मां का अपमान स्वीकार्य नहीं है। अखिलेश के आरोप पर जवाब देते हुए मेयर सुषमा खड़कवाल ने कहा कि मैंने किसी की भी मां के बारे में कुछ नहीं कहा है।

आईएएनएस से बातचीत में सुषमा खर्कवाल ने अखिलेश यादव की दिवंगत मां पर अपनी टिप्पणी और समाजवादी पार्टी (सपा) के विरोध प्रदर्शन पर स्पष्टीकरण देते हुए कहा कि उन्होंने किसी की मां के बारे में कोई अपमानजनक टिप्पणी नहीं की है।

मेयर सुषमा खर्कवाल ने कहा कि मैंने किसी की भी मां के बारे में कुछ नहीं कहा। मैंने ‘आधी आबादी’ का विश्लेषण किया है। आधी आबादी आपकी मां, बेटी और बहन भी है। महिला आरक्षण रोककर अखिलेश यादव ने तीनों का अपमान किया है।

उन्होंने कहा कि ‘आधी आबादी’ मां जैसी है, जिसका अपमान किया। ‘आधी आबादी’ आपकी बहन जैसी है, वह बहन जिसकी उंगली पकड़कर आपने चलना सीखा था, और उसी बहन का अपमान किया है। यह ‘आधी आबादी’ आपकी बेटी जैसे है-वह बेटी, जिसका चेहरा देखकर दिनभर की थकान के बाद आपको सुकून मिलता है।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव से कहना चाहती हूं कि वे मेरे छोटे भाई की तरह हैं और वे मेरा पूरा भाषण देखें। मैंने किसी की मां का अपमान नहीं किया है। मेरी मंशा क्या थी और उसे आपने कैसे लिया है,यह समझ लें। मैंने आधी आबादी के लिए कहा था।

कांग्रेस सांसद राहुल गांधी पर निशाना साधते हुए उन्होंने कहा कि राहुल गांधी को कहना चाहती हूं कि हम इस देश में रहते हैं, नदिया भी हमारी मां है। विदेश की धरती पर जाकर देश और मां का अपमान करते हैं। यह देश का दुर्भाग्य है कि विपक्ष के नेता समय-समय पर विदेश चले जाते हैं और वहां भारत माता का अपमान करते हैं।

सपा के विरोध प्रदर्शन पर उन्होंने कहा कि सुबह कुछ लोग उनके घर आए, ‘मुर्दाबाद’ के नारे लगाए, उनकी नेमप्लेट पर जूता मारा और उन्हें गालियां दीं। उन्होंने कहा कि मैं इससे ज्यादा कुछ नहीं कहना चाहती। उनकी पार्टी ने उन्हें जिस तरह के संस्कार दिए हैं, उनके इन कामों से वे सबके सामने आ गए हैं।

बता दें कि समाजवादी पार्टी के कार्यकर्ताओं ने अखिलेश यादव की दिवंगत मां को लेकर दिए गए बयान के विरोध में शहर की मेयर के आवास के बाहर प्रदर्शन किया।

वहीं, अखिलेश यादव ने मेयर पर आरोप लगाते हुए एक्स पोस्ट में लिखा कि आप कृपया अपनी राजनीतिक मजबूरीवश मेरी दिवंगत मां का नाम लेकर एक महिला के रूप में एक अन्य महिला का अपमान न करें। नारी के सम्मान में आपसे बस इतना आग्रह है। यदि आपके घर में कोई बड़े-बुजुर्ग या बच्चे हों, तो उनसे पूछ लीजिए कि आपका ये अतिनिंदनीय द्वेषपूर्ण बयान उचित है या नहीं। बाकी, आप स्वयं एक महिला हैं। महिला ही जब महिला का अपमान करेगी, तो कौन आपको नैतिक रूप से सही कहेगा। भारतीय समाज में कभी भी, किसी की भी मां का अपमान स्वीकार्य नहीं है। आपका राजनीतिक भविष्य उज्ज्वल होता अगर आप उसे नैतिक मानकों पर इतना नीचे न ले जातीं, आज आपके समर्थक भी शर्मिंदा हैं। जिनको प्रभावित करने के लिए आप अपना स्तर गिरा रही हैं, वो किसी के भी सगे नहीं हैं। आप अपना स्तर बनाए रखें और संतुलन भी। मैं आपसे किसी क्षमा की भी अपेक्षा नहीं रखता हूं और न ही ऐसा कहने के बाद क्षमा के कोई मायने रह जाते हैं। आपको अकेले में बैठकर जो पछतावा होगा, हमारे लिए इतना ही बहुत है।

--आईएएनएस

डीकेएम/पीएम

Share this story

Tags