'मैंने अपने सारे सपने पूरे किए', जॉन स्टोन्स ने की मैनचेस्टर सिटी से अलग होने की पुष्टि
मैनचेस्टर, 28 अप्रैल (आईएएनएस)। इंग्लिश फुटबॉल क्लब मैनचेस्टर सिटी को कप्तान बर्नांडो सिल्वा के जाने के बाद एक और झटका लगा है। टीम के दमदार डिफेंडर जॉन स्टोन्स ने भी कंफर्म किया है कि वह गर्मियों के आखिर में क्लब का साथ छोड़ देंगे।
31 वर्षीय स्टोन्स एतिहाद स्टेडियम में 10 साल खेलने के बाद सीजन के आखिर में एक फ्री एजेंट के तौर पर क्लब छोड़ देंगे। जॉन स्टोन्स साल 2016 में मैनचेस्टर सिटी क्लब से जुड़े थे। उन्होंने क्लब की तरफ से कुल 293 मैच खेले हैं। स्टोन्स ने मैनचेस्टर सिटी को कुल 19 ट्रॉफी जीतने में मदद की, जिसमें 6 प्रीमियर लीग टाइटल, एक यूईएफए चैंपियंस लीग, दो एफए कप, पांच काराबाओ कप जीत, तीन कम्युनिटी शील्ड, एक फीफा क्लब वर्ल्ड कप और एक यूईएफए सुपर कप विनर मेडल शामिल हैं।
स्टोन्स उस टीम का अहम हिस्सा थे जिसने 2023 में ट्रेबल (एक सीजन में 3 प्रतियोगिता जीतना) जीता था। उन्होंने मैनचेस्टर यूनाइटेड के खिलाफ एफए कप फाइनल और इंटर मिलान के खिलाफ चैंपियंस लीग फाइनल में अहम योगदान दिया था। स्टोन्स ने अपने सोशल मीडिया अकाउंट 'इंस्टाग्राम' पर एक भावुक वीडियो के जरिए क्लब से अलग होने की घोषणा की। इस वीडियो में उन्होने अपने पूरे समय के सपोर्ट के लिए फैंस और क्लब को धन्यवाद दिया।
उन्होंने इंस्टाग्राम पर एक वीडियो में कहा, "यह पिछले 10 सालों से मेरा घर रहा है और आगे भी मेरी जिंदगी का घर रहेगा। यह सफर कई तरह से उतार-चढ़ाव भरा रहा, जैसे एक रोलरकोस्टर। मैं यहां एक बच्चे की तरह आया था और अब एक समझदार इंसान बनकर जा रहा हूं—एक पिता, एक पति और मैदान पर एक खुश खिलाड़ी के रूप में।"
उन्होंने आगे कहा, "मैंने अपने सभी सपने पूरे किए और वे सभी लक्ष्य हासिल किए, जिनके लिए मैं यहां आया था। जब मैंने अपने करियर की शुरुआत की थी, तब मैंने कभी नहीं सोचा था कि मैं यहां तक पहुंच पाऊंगा। सबसे बड़ी बात यह रही कि सिर्फ उपलब्धियां ही नहीं मिलीं, बल्कि सभी लोगों के साथ प्यार और मजबूत रिश्ता भी बना।" इस बीच, क्लब ने उनके जाने के फैसले का सम्मान किया है और कहा है कि वे खिलाड़ी को सही सम्मान और शानदार विदाई देंगे।
--आईएएनएस
एसएम/डीकेपी

