Samachar Nama
×

राज्यसभा चुनाव को लेकर सलीम शेरवानी बोले-'अखिलेश यादव करेंगे प्रत्याशी का फैसला'

राज्यसभा चुनाव को लेकर सलीम शेरवानी बोले-'अखिलेश यादव करेंगे प्रत्याशी का फैसला'
राज्यसभा चुनाव को लेकर सलीम शेरवानी बोले-'अखिलेश यादव करेंगे प्रत्याशी का फैसला'

लखनऊ, 29 सितंबर (आईएएनएस)। राज्यसभा सीट के लिए उम्मीदवार बनाए जाने के चर्चाओं के बीच पूर्व केंद्रीय मंत्री सलीम शेरवानी ने समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव से मुलाकात की। अखिलेश यादव की ओर से 4 अक्टूबर को एक और बैठक के लिए उनको बुलाया गया है।

आईएएनएस से बातचीत करते हुए समाजवादी पार्टी के नेता सलीम शेरवानी ने कहा, "अभी कोई नामांकन नहीं कर रहा है। अखिलेश यादव की ओर से 2 और 3 अक्टूबर को बैठक की जाएगी और 4 अक्टूबर को फैसला लिया जाएगा।" उन्होंने कहा कि मैंने सुना है कि मेरा नाम चल रहा है लेकिन जब तक अखिलेश यादव हां नहीं कहेंगे तब तक कोई भी नाम चले, इसका कोई महत्व नहीं है।

सलीम शेरवानी ने कहा, "मैंने अखिलेश यादव से मुलाकात की और उनसे आग्रह भी किया है। उन्होंने मुझसे कहा कि आप 3-4 अक्टूबर तक फिर मिलने आइए तो बैठकर फैसला किया जाएगा। मुझे कोई आश्वासन नहीं मिला है, हम लोग बात करके तय करेंगे।

समाजवादी पार्टी के नेता हसन रूमी ने कहा कि हम लोगों की ओर से अखिलेश यादव से मांग की गई थी कि 3 सीटों पर प्रत्याशी उतारिए। उम्मीद है कि तीन सीटों पर प्रत्याशियों के नाम का एलान होगा और तीनों पर जीत होगी।

समाजवादी पार्टी के विधायक संदीप पटेल ने कहा, "भाजपा इस तरह से बिखरी है कि सपा प्रत्याशियों की तीनों सीटों पर जीत होगी। भाजपा में कोई रहना नहीं चाहता। उत्तर प्रदेश की जनता अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लिए बेताब है।

राज्यसभा चुनाव के बारे में समाजवादी पार्टी की विधायक नसीम सोलंकी ने कहा, "यह मेरा पहला अनुभव है। मैंने चुनाव जीता है और राजनीति में आए मुझे अभी सिर्फ दो साल ही हुए हैं। इसलिए, देखते हैं कि आगे क्या होता है। मुझे नहीं पता कि यह सब कैसे काम करता है।"

समाजवादी पार्टी के विधायक समर पाल ने कहा, "नॉमिनेशन बहुत अच्छे होंगे। इस बार हम राज्यसभा की तीनों सीटें जीतेंगे। दो नाम लगभग तय हैं- प्रोफेसर साहब और आलोक जी। तीसरे, बहुत मजबूत उम्मीदवार के नाम का ऐलान होने वाला है। यह उम्मीदवार इतना बेहतरीन होगा कि प्रेस और राजनीतिक दलों के नेता भी इसकी कल्पना नहीं कर सकते। राष्ट्रीय अध्यक्ष ही इसका ऐलान करेंगे।"

--आईएएनएस

एसडी/पीएम

Share this story

Tags