Samachar Nama
×

मैं बस सीखते रहना और आगे बढ़ना चाहता हूं, चेल्सी क्लब ने मुझे सब कुछ दिया है: मोइसेस कैइसेडो

मैं बस सीखते रहना और आगे बढ़ना चाहता हूं, चेल्सी क्लब ने मुझे सब कुछ दिया है: मोइसेस कैइसेडो
मैं बस सीखते रहना और आगे बढ़ना चाहता हूं, चेल्सी क्लब ने मुझे सब कुछ दिया है: मोइसेस कैइसेडो

लंदन, 14 अक्टूबर (आईएएनएस)। चेल्सी के मिडफील्डर मोइसेस कैइसेडो ने क्लब के लिए लगातार बेहतर करने और ज्यादा योगदान देने की इच्छा जताई है। उन्होंने स्टैमफोर्ड ब्रिज में बिताए अपने समय को एक ऐसे सफर के तौर पर बताया है जिसने उन्हें एक खिलाड़ी और एक इंसान, दोनों ही तरह से परिपक्व होने में मदद की है।

इक्वाडोर के 24 वर्षीय खिलाड़ी 14 अगस्त, 2023 को चेल्सी से जुड़े थे और टीम के मिडफील्ड में उन्होंने खुद को एक अहम खिलाड़ी के तौर पर स्थापित किया है। मौजूदा सीजन की शुरुआत में कुछ मैच न खेल पाने के बाद, कैइसेडो ने शनिवार को बॉर्नमाउथ के खिलाफ वापसी की और चेल्सी की 5-1 की जीत में शानदार प्रदर्शन किया।

क्लब में बिताए अपने समय को याद करते हुए कैइसेडो ने कहा कि शुरुआती सीजन में उन्हें जिन चुनौतियों का सामना करना पड़ा, उनसे उन्हें आगे बढ़ने और कीमती अनुभव हासिल करने में मदद मिली। चेल्सी द्वारा प्रकाशित एक इंटरव्यू में कैइसेडो ने कहा, "यह मेरे लिए एक शानदार सफर रहा है, दुनिया के सबसे बेहतरीन क्लबों में से एक के साथ तीन से अधिक खास साल। मैं कहूंगा कि अपने पहले सीजन में मैंने कुछ मुश्किल पल देखे। उन्होंने मुझे आगे बढ़ने, लगातार विकास करने और आज मैं जिस स्थिति में हूं, वहां तक पहुंचने में मदद की। मैं पीछे मुड़कर देख सकता हूं और कह सकता हूं कि जिन हालात से मैं गुजरा, उससे मुझे खुशी है।"

मिडफील्डर ने कहा कि क्लब से मिले समर्थन के लिए वह आभारी हैं और अपने प्रदर्शन के जरिए उस भरोसे को सही साबित करने के लिए प्रतिबद्ध हैं। उन्होंने कहा, "अब मैं बस इस क्लब के लिए सब कुछ करने की कोशिश का आनंद ले रहा हूं, क्योंकि उन्होंने मुझे सब कुछ दिया है। उन्होंने हर तरह से मेरी मदद की है और उनकी वजह से मैं बहुत आगे बढ़ा हूं। अब मेरे पास अधिक अनुभव है, मैं ज्यादा परिपक्व हूं और मैं बस सीखते रहना चाहता हूं और जो कर रहा हूं, उसे जारी रखना चाहता हूं।"

कैइसेडो ने चेल्सी के लीडरशिप ग्रुप का हिस्सा होने की जिम्मेदारी को भी समझा। हालांकि, वह शब्दों के बजाय अपने प्रदर्शन से नेतृत्व करना पसंद करते हैं, लेकिन उन्होंने कहा कि वह मैदान पर अधिक मुखर होने पर काम कर रहे हैं। उन्होंने कहा, "मुझे लगता है कि हर कोच मुझसे कहता है कि मैं पिच पर बातचीत करने में सुधार कर सकता हूं। वह जानते हैं कि मैं एक लीडर हूं, लेकिन अगर मैं खिलाड़ियों से ज्यादा बात करूं तो यह मेरे लिए बेहतर होगा। मैं पूरी कोशिश करता हूं, लेकिन यह मेरे स्वभाव में नहीं है। इसलिए जब मैं बात नहीं कर पाता, तो मैं बस अपने काम से अधिक दिखाने की कोशिश करता हूं।"

मिडफील्डर ने कहा कि वह लगातार अच्छा प्रदर्शन करके समर्थकों को जश्न मनाने का मौका देते रहना चाहते हैं और लंदन क्लब के साथ और भी ट्रॉफियां जीतना चाहते हैं। कैइसेडो ने कहा, "मैं कह सकता हूं कि चेल्सी मेरा घर है क्योंकि वे मेरे साथ ऐसा व्यवहार करते हैं जैसे मैं यहां बहुत लंबे समय से हूं। यह मेरे लिए एक खास जगह है। मैं बस इतना ही कह सकता हूं कि मैं हमेशा वैसा ही रहना चाहता हूं, लेकिन पिच पर और भी बेहतर। मैं हमेशा अपने साथियों, कोचों और प्रशंसकों को दिखाना चाहता हूं कि मैं क्या कर सकता हूं।"

--आईएएनएस

एसएम/डीकेपी

Share this story

Tags