Samachar Nama
×

'मैं और मेरा' नहीं, 'हम और हमारा' ही समाधान है : मोहन भागवत

'मैं और मेरा' नहीं, 'हम और हमारा' ही समाधान है : मोहन भागवत
'मैं और मेरा' नहीं, 'हम और हमारा' ही समाधान है : मोहन भागवत

न्यूयॉर्क, 29 अगस्त (आईएएनएस)। अमेरिका के न्यूयॉर्क में 'एक दुनिया, एक मानवता' कार्यक्रम को राष्ट्रीय स्वयंसवेक संघ (आरएसएस) के सरसंघचालक मोहन भागवत ने संबोधित किया। इस दौरान उन्होंने कहा कि प्रत्येक मनुष्य का अपना सम्मान है, और मनुष्यों में कोई भेद नहीं है। लेकिन, जो वास्तविकता सदा विद्यमान है, वह यह है कि हम सब एक हैं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता के बाद हमें अपना संविधान मिला, और उसमें इस बात पर जोर दिया गया है। लेकिन ऐसा नहीं हो रहा है क्योंकि ये चीजें राजनीति से नहीं होतीं। मुझे यह कहते हुए खेद है, लेकिन सच्चाई यह है कि राजनीति अब स्वार्थ का खेल बन गई है। जहां 'मैं और मेरा' होता है, वहां कोई समाधान नहीं होता। 'हम और हमारा' ही समाधान है। इसलिए, भारत में हमारा अनुभव यह है कि हमें समाज से शुरुआत करनी होगी। हमने इसकी शुरुआत पहले ही कर दी है। 2018 के बाद, मेरे भाषण के बाद, कई लोगों ने प्रतिक्रिया दी।

मोहन भागवत ने कहा कि आज की दुनिया में, धर्मों को काफी हद तक अनुष्ठानों द्वारा परिभाषित किया जाता है। धार्मिक अनुशासन का पालन करने और दिव्यता के मार्ग पर चलने के लिए, अनुष्ठानों का यह अनुशासन भी आवश्यक है। लेकिन धर्म का उद्देश्य क्या है? यह हमें सत्य की ओर ले जाता है। इसलिए, यदि मैं उस प्रकाश की ओर इशारा करूं, तो आप मेरी उंगली को इशारा करते हुए देखेंगे और फिर प्रकाश को देखेंगे। लेकिन यदि आप मेरी उंगली पर टकटकी लगाए रहेंगे, तो आप प्रकाश को कभी नहीं देख पाएंगे। उद्देश्य अलग है। यह परम सत्य, दिव्यता की खोज है, जिसे हम विभिन्न नामों से पुकारते हैं।

उन्होंने कहा कि क्योंकि हम बदले में कुछ नहीं चाहते। मैं केवल दूसरों को यह नहीं कहता कि वे कुछ पाने की उम्मीद न करें। हम संघ में इसका अभ्यास स्वयं करते हैं। हम केवल देते हैं। हमें कुछ नहीं चाहिए। इसीलिए प्रचार के मामले में हम बहुत पीछे हैं। कई गलत धारणाएं प्रचलित हैं। लेकिन जब आप आकर हमें भीतर से देखेंगे, तो वे सभी धारणाएं एक दिन में दूर हो जाएंगी।

भागवत ने कहा कि इस स्तर पर हमें अपने लोगों को निर्देश देना शुरू करना चाहिए और फिर सभी देशों में, उन देशों के प्रांतों में, जिला स्तर पर और ब्लॉक स्तर पर इस संवाद को आगे बढ़ाने का प्रयास करना चाहिए। अगर हम ऐसा करते हैं, तो माहौल बदल जाएगा। इसलिए, सबसे पहले मैं आप सभी को धन्यवाद देता हूं क्योंकि पिछले दो-तीन सत्रों में आपने मुझे बहुत कुछ सिखाया है। मेरे लिए सबसे महत्वपूर्ण बात यह है कि आप सभी एक ही दिशा में सोच रहे हैं।

उन्होंने कहा कि हमारी परंपरा में स्वामी विवेकानंद के गुरु रामकृष्ण परमहंस थे। उन्होंने भारतीय मूल के धर्मों के साथ-साथ इस्लाम और ईसाई धर्म सहित सभी धर्मों का पालन पूजा के अंतिम चरण तक किया और इन धर्मों के माध्यम से प्राप्त होने वाले परम अनुभव को प्राप्त किया। यदि कोई हिंदू यह सोचता है कि भारत में मुसलमान नहीं होना चाहिए, तो वह हिंदू नहीं रह जाएगा। यदि आप स्वयं को हिंदू कहना चाहते हैं, तो आपको यह मानना ​​होगा कि सभी मार्ग एक ही लक्ष्य की ओर ले जाते हैं। और प्रत्येक मनुष्य का अपना सम्मान है।

--आईएएनएस

एमएस/एबीएम

Share this story

Tags