महिला आरक्षण विधेयक पर बोलीं प्रीति झंगियानी, महिलाओं की भागीदारी से देश में आएंगे सकारात्मक बदलाव
मुंबई, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। मोहब्बतें, उदयपुर फाइल्स और आवारा पागल दीवाना में काम कर चुकी अभिनेत्री प्रीति झंगियानी फिल्मी पर्दे से खुद का स्पोर्ट फेडरेशन चला रही हैं।
अब उन्होंने महिला आरक्षण विधेयक को लेकर सरकार का धन्यवाद दिया है। उनका कहना है कि महिलाओं की भागीदारी से देश में सकारात्मक बदलाव देखने को मिलेंगे।
महिला आरक्षण विधेयक पर प्रीति झंगियानी ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा, "आखिरकार महिला आरक्षण विधेयक पास हो रहा है। मुझे लगता है कि इसके लिए सभी ने 27 से अधिक सालों का लंबा इंतजार किया है, क्योंकि पहली बार साल 1996 में यह बिल लाया गया था। यह सिर्फ एक राजनीतिक ही नहीं, बल्कि ऐतिहासिक कदम भी है। इस बिल के बाद ऐसा लग रहा है कि दोनों हाथों को आजादी मिल गई है और महिलाओं को अब टेबल पर बैठकर अपने फैसले और राय रखने का हक मिल गया है। ये बिल उन महिलाओं के लिए बड़ा मूमेंट हैं, जिन्होंने इसके लिए लड़ाई लड़ी है और लंबा इंतजार भी किया है।
अभिनेत्री ने आगे कहा, "बिल आने के बाद भारत के विकास पर व्यापक असर देखने को मिलेगा, क्योंकि जिन देशों में महिलाओं की भागीदारी राजनीति और बिजनेस में ज्यादा है, वहां के देश बाकी देशों की तुलना में तेजी से तरक्की कर रहे हैं। वहां बच्चियों की शिक्षा से लेकर स्वास्थ्य पर बात हो रही है। हमारे यहां ग्राम पंचायत में महिलाओं की भागीदारी बढ़ने से भी सकारात्मक परिवर्तन आए हैं और उसका असर सड़क से लेकर ग्रामीण शिक्षा पर देखने को मिल रहा है। इसके लिए हमारी सरकार का दिल से शुक्रिया, क्योंकि हमारे देश में इसकी सबसे ज्यादा जरूरत थी और अब वो हो रहा है।"
भविष्य में राजनीति से जुड़ने के सवाल पर प्रीति कहती हैं कि वो पहले ही बिना राजनीति में आए समाज के लिए काफी कुछ कर रही हैं। उन्होंने कहा, मैं कुछ एनजीओ चलाती हूं और पिछड़े गांवों से खेल में भविष्य बनाने आए खिलाड़ियों की भी मदद करती हूं, लेकिन अगर कोई राजनीतिक पार्टी मेरे पास आती है तो मैं इस बारे में जरूर सोचूंगी, क्योंकि मेरे लिए पहले मेरा देश है।
--आईएएनएसट
पीएस/डीकेपी

