महिलाओं के अधिकारों पर चोट पहुंचाने वाले विपक्षी दलों को राजनीतिक दंड देगी नारी शक्ति: तरुण चुघ
नई दिल्ली, 19 अप्रैल (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ और पार्टी के प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने विपक्षी दलों कांग्रेस, टीएमसी, सपा, डीएमके और अन्य पर महिलाओं के अधिकारों को नुकसान पहुंचाने और विधेयक का विरोध करने का आरोप लगाया है। भाजपा नेताओं ने इसे महिला सशक्तीकरण के खिलाफ कदम बताते हुए विपक्ष पर राजनीतिक रूप से जिम्मेदार ठहराने की बात कही है।
भाजपा के राष्ट्रीय महासचिव तरुण चुघ ने महिला आरक्षण विधेयक पर प्रधानमंत्री के राष्ट्र के नाम संबोधन का जिक्र करते हुए कहा, "जो पार्टियां महिलाओं के अधिकार छीनने के बाद जश्न मना रही थीं, जनता उन्हें करारा जवाब देगी। जनता सब जान रही है। आने वाले समय में इसका जवाब जल्दी मिलने वाला है। जनता को पता है कौन उनके पक्ष में है और कौन विपक्ष में है।"
तरुण चुघ ने कहा, "कांग्रेस, डीएमके, टीएमसी, सपा ने संसद में सिर्फ एक विधेयक नहीं गिराया। उन्होंने देश की महिलाओं के सपनों पर, उनके अधिकारों पर कुठाराघात किया है। प्रधानमंत्री मोदी लगातार महिलाओं के सपनों को पूरा करने के लिए अथक प्रयास कर रहे हैं और कांग्रेस पार्टी महिलाओं के सपनों को कुचलने का काम कर रही है। अब नारी शक्ति उन्हें राजनीतिक दंड देकर रहेगी।"
उन्होंने कहा कि इस देश की 70 करोड़ माताओं, बहनों और बेटियों के सपनों और अधिकारों को बेरहमी से कुचला गया है। जो सही नहीं है। प्रधानमंत्री मोदी ने बिल्कुल सही कहा था कि यह महिलाओं के अधिकारों की 'भ्रूण-हत्या' है।"
भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने कहा, "प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने बिल्कुल ठीक कहा कि जब रानी लक्ष्मीबाई के स्वाभिमान को ललकारा गया, तो वह अपने बच्चे को पीठ में बांधकर लड़ाई के मैदान में कूद गई थीं। हमारी देश की 70 करोड़ रानी लक्ष्मीबाई तैयार हैं। जब इंडिया गठबंधन के दल जो हैं न कांग्रेस, टीएमसी, समाजवादी पार्टी और राष्ट्रीय जनता दल के लोग आएंगे, तो उनका अब फूल-मालाओं से नहीं, चप्पलों से स्वागत करेंगी। यह हमारी रानी लक्ष्मीबाई के हकों पर कुठाराघात हुआ है।"
भाजपा प्रवक्ता प्रतुल शाहदेव ने ईडी की कोलकाता पुलिस के डिप्टी कमिश्नर के आवास पर हुई छापेमारी पर कहा, "केंद्रीय एजेंसियां पूर्णतः स्वतंत्र रही हैं। ये कांग्रेस का शासन काल नहीं है। जब सीबीआई को सुप्रीम कोर्ट ने पिंजरे में कैद होता बताया था, एजेंसी को जब जैसी इनपुट्स मिलती हैं, वो उसी हिसाब से कार्रवाई करती है। तो जो कार्रवाई होती है, वो बहुत पारदर्शी तरीके से होती है, तो ईडी ने उसी तरीके से कार्रवाई की होगी। ईडी के आधिकारिक बयान का इंतजार करना चाहिए, लेकिन देश में भ्रष्टाचार के खिलाफ जो भी मुहिम है, वो प्रधानमंत्री जी के कार्यकाल में बहुत सशक्त हुई है।"
--आईएएनएस
एसएके/वीसी

