Samachar Nama
×

महिला टी20 विश्व कप: हरमनप्रीत कौर का विस्फोटक अर्धशतक, भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 171 का लक्ष्य

महिला टी20 विश्व कप: हरमनप्रीत कौर का विस्फोटक अर्धशतक, भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 171 का लक्ष्य
महिला टी20 विश्व कप: हरमनप्रीत कौर का विस्फोटक अर्धशतक, भारत ने ऑस्ट्रेलिया को दिया 171 का लक्ष्य

लॉर्ड्स, 28 जून (आईएएनएस)। महिला टी20 विश्व कप 2026 में ग्रुप ए का बेहद अहम मुकाबला भारत और ऑस्ट्रेलिया के बीच खेला जा रहा है। टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए भारतीय टीम ने कप्तान हरमनप्रीत के विस्फोटक अर्धशतक की बदौलत ऑस्ट्रेलिया को 171 रन का लक्ष्य दिया है।

भारत के लिए पारी की शुरुआत करने स्मृति मंधाना और शेफाली वर्मा आई थीं। दोनों ने पहले विकेट के लिए 9.1 ओवर में 66 रन की साझेदारी की। टी20 के लिहाज से यह साझेदारी धीमी रही। शेफाली पहले विकेट के रूप में 26 गेंदों पर 34 रन बनाकर आउट हुईं। इस पारी में शेफाली ने 2 छक्के और 3 चौके लगाए।

शेफाली के आउट होने के बाद 83 के स्कोर पर मंधाना भी दूसरे विकेट के रूप में आउट हुईं। मंधाना ने 37 गेंदों पर 38 रन की पारी खेली।

इसके बाद जेमिमा रोड्रिग्स और हरमनप्रीत कौर ने भारतीय पारी को संभाला। जेमिमा 28 गेंदों पर 1 छक्का और 1 चौके की मदद से 34 रन बनाकर रिटायर्ड हर्ट हुईं।

हरमनप्रीत कौर ने कप्तानी पारी खेली। दाएं हाथ की इस विस्फोटक बल्लेबाज ने आखिरी ओवर में 3 छक्के लगाते हुए टीम का स्कोर 4 विकेट पर 170 तक पहुंचाने में अहम भूमिका निभाई। हरमनप्रीत ने 27 गेंदों पर 3 छक्के और 6 चौके की मदद से 56 रन की पारी खेली। वह आखिरी ओवर की 5वीं गेंद पर आउट हुईं। दीप्ति शर्मा 1 गेंद पर 4 और ऋचा घोष 1 गेंद पर 1 रन बनाकर नाबाद रहीं।

ऑस्ट्रेलिया के लिए कप्तान सोफी मोलिनक्स ने 2 विकेट लिए।

भारत और ऑस्ट्रेलिया दोनों का ये आखिरी ग्रुप मैच है। ऑस्ट्रेलिया पिछले 4 मैचों में 4 जीत के साथ पहले स्थान पर है। वहीं, भारतीय टीम पिछले 4 मैचों में 3 जीत और 1 हार के साथ तीसरे स्थान पर है। सेमीफाइनल में पहुंचने की किसी भी संभावना को जिंदा रखने के लिए भारतीय टीम को इस मैच को जीतना होगा।

--आईएएनएस

पीएके

Share this story

Tags