Samachar Nama
×

महिला मुद्दों पर अपनी बात रख सकेंगे युवा, एनसीडब्ल्यू शुरू करेगा राष्ट्रीय संवाद कार्यक्रम

महिला मुद्दों पर अपनी बात रख सकेंगे युवा, एनसीडब्ल्यू शुरू करेगा राष्ट्रीय संवाद कार्यक्रम
महिला मुद्दों पर अपनी बात रख सकेंगे युवा, एनसीडब्ल्यू शुरू करेगा राष्ट्रीय संवाद कार्यक्रम

नई दिल्ली, 16 अक्टूबर (आईएएनएस)। राष्ट्रीय महिला आयोग (एनसीडब्ल्यू) युवाओं को महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर अपनी राय रखने और समाधान सुझाने का मंच देने जा रहा है। इसके तहत आयोग देशभर में ‘मॉक राष्ट्रीय महिला आयोग सलाहकार समिति’ कार्यक्रम आयोजित करेगा, जिसकी शुरुआत 30 और 31 अक्टूबर को देहरादून स्थित ग्राफिक एरा विश्वविद्यालय से होगी।

इस कार्यक्रम में 18 से 30 वर्ष आयु वर्ग के युवा भाग ले सकेंगे। पहले सत्र का विषय ‘मनोरंजन के डिजिटल मंचों पर महिलाओं का प्रतिनिधित्व’ रखा गया है। इसके तहत युवा फिल्मों, वेब सीरीज और अन्य डिजिटल कंटेंट में महिलाओं की छवि, सम्मान और समाज पर पड़ने वाले प्रभाव जैसे विषयों पर चर्चा करेंगे।

राष्ट्रीय महिला आयोग की अध्यक्ष विजया रहाटकर ने कहा कि महिलाओं से जुड़े मुद्दों पर युवाओं की भागीदारी बेहद महत्वपूर्ण है। इस पहल के माध्यम से युवाओं को अपनी बात रखने और महिला सशक्तीकरण से जुड़े प्रयासों में योगदान देने का अवसर मिलेगा।

उन्होंने कहा कि आयोग चाहता है कि युवा महिलाओं के अधिकारों, सम्मान और सुरक्षा से जुड़े विषयों पर आगे आएं तथा बेहतर समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाएं।

कार्यक्रम की खास बात यह है कि चयनित प्रतिभागियों को एक वर्ष के लिए राष्ट्रीय महिला आयोग की युवा सलाहकार समिति का सदस्य बनने का अवसर मिलेगा। समिति के सदस्य महिलाओं की सुरक्षा, अधिकारों और सशक्तीकरण से जुड़े विषयों पर आयोग को सुझाव दे सकेंगे।

आयोग के अनुसार, चयनित सदस्यों की घोषणा 12 जनवरी को राष्ट्रीय युवा दिवस के अवसर पर किए जाने की योजना है। यह युवाओं के लिए राष्ट्रीय स्तर पर अपनी बात रखने और महिला मुद्दों पर नीति निर्माण में योगदान देने का अवसर होगा।

कार्यक्रम में भाग लेने के इच्छुक युवा राष्ट्रीय महिला आयोग के सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म के माध्यम से या गूगल फॉर्म के जरिए आवेदन कर सकते हैं। प्राप्त आवेदनों में से चयनित युवाओं को देहरादून में आयोजित कार्यक्रम में भाग लेने के लिए आमंत्रित किया जाएगा।

राष्ट्रीय महिला आयोग का मानना है कि युवाओं की सोच, सुझाव और भागीदारी महिलाओं से जुड़े मुद्दों के समाधान तथा अधिक समावेशी और संवेदनशील समाज के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती है।

--आईएएनएस

एएसएच/वीसी

Share this story

Tags