महिला आरक्षण विधेयक पर बोलीं दीया कुमारी, 'पीएम मोदी ने सपने को साकार किया'
जयपुर, 13 अप्रैल (आईएएनएस)। महिला आरक्षण विधेयक को लेकर राजस्थान की उपमुख्यमंत्री दीया कुमारी ने पत्रकारों से बातचीत करते हुए कहा कि यह बिल निश्चित रूप से आएगा। महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। जब हम विकसित भारत की बात करते हैं, तब महिलाओं की भूमिका काफी आवश्यक हो जाती है। बहुत सरकारें आईं, लेकिन उन्होंने केवल बातें कीं, लेकिन प्रधानमंत्री मोदी ने इस सपने को साकार किया है। इससे देश में बड़ा बदलाव आएगा और देश की महिलाएं खुद को सशक्त समझेंगी।
दीया कुमारी ने कहा कि इस विधेयक के पारित होने के बाद परिवारों को सोचना पड़ेगा कि हमारे घर में ऐसी कौन महिला हैं, जो आगे जाकर लीड कर सकती है। इससे समाज में परिवर्तन आएगा। इस विधेयक से महिलाओं को सीधा फायदा तो है ही, परिवार और समाज को भी इसका फायदा मिलेगा।
महिला आरक्षण विधेयक पर हरियाणा राज्य महिला आयोग की अध्यक्ष रेणु भाटिया ने समाचार एजेंसी आईएएनएस से बातचीत करते हुए कहा कि यह हमारी बेटियों के लिए प्रधानमंत्री मोदी की ओर से एक बहुत बड़ा आशीर्वाद है कि उन्हें पंचायत स्तर से लेकर संसद तक 33 प्रतिशत आरक्षण मिलेगा। जो महिलाएं पहले से ही राजनीति में हैं या इसमें आना चाहती हैं, उनके लिए यह एक ऐसा द्वार है जो उन्हें सीधे संसद तक ले जाएगा।
उन्होंने कहा कि जिस प्रकार देवियों का वंदन-पूजन किया जाता है, उसी प्रकार पीएम मोदी ने एहसास किया कि हर बेटी में इतनी शक्तियां हैं, उनकी समझ इतनी गहरी है कि जब वो एक परिवार को इतना बढ़िया संभालती हैं तो देश और राज्य को कितना अच्छा चलाएंगी। पीएम मोदी ने महिलाओं पर विश्वास किया।
महिला आरक्षण बिल पर भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष अश्विनी परांजपे ने कहा कि अगर हम नीयत और इच्छाशक्ति की बात करें तो प्रधानमंत्री ने यह विशेष सत्र इस उद्देश्य से बुलाया है कि इसे जल्द से जल्द लागू किया जा सके। इससे आप समझ सकते हैं कि महिलाओं की भागीदारी को कितनी गंभीरता से लिया जा रहा है। जब महिलाएं निर्णय लेने की प्रक्रिया में शामिल होती हैं तो उसके परिणाम हमेशा बहुत सकारात्मक होते हैं।
महिला आरक्षण बिल पर पीएम मोदी के लेख पर बेंगलुरु की एक महिला ने कहा कि यह एक ऐतिहासिक जीत है जो हमें नरेंद्र मोदी से, और साथ ही सरकार, केंद्र सरकार से मिली है। इसके अलावा, हमें इस बात की भी खुशी है कि हमारे प्रदेश अध्यक्ष विजयेंद्र और भाजपा महिला मोर्चा ने हमारी भाजपा की सभी महिलाओं को पूरा अवसर दिया है।
--आईएएनएस
एसडी/डीकेपी

