महिला आरक्षण विधेयक : दिल्ली यूनिवर्सिटी में हस्ताक्षर अभियान की शुरुआत, सीएम रेखा ने कहा- ये आधुनिक भारत का बिल
नई दिल्ली, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। दिल्ली की मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शुक्रवार को दिल्ली विश्वविद्यालय के फैकल्टी ऑफ आर्ट्स से आज 'महिला आरक्षण विधेयक' के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान का शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि महिला आरक्षण बिल आधुनिक भारत का आधुनिक बिल है। इसको लाना बहुत जरूरी था, जिससे कि महिलाओं को एक बल मिलेगा।
दिल्ली यूनिवर्सिटी में आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने शिक्षकों और छात्रों से चाय पर चर्चा की। इसके बाद, दिल्ली विश्वविद्यालय की आर्ट्स फैकल्टी में 'महिला आरक्षण विधेयक' के समर्थन में हस्ताक्षर अभियान शुरू किया। उन्होंने छात्रों के साथ तस्वीर भी खिंचाई। इस अवसर पर दिल्ली विश्वविद्यालय के कुलपति भी उपस्थित थे।
पत्रकारों से बात करते हुए मुख्यमंत्री रेखा गुप्ता ने कहा, "यह हम सबके लिए बहुत ही उत्साह और खुशी का अवसर है कि देश की संसद और विधानसभाओं में महिलाओं के लिए आरक्षण अब इतना नजदीक दिखाई दे रहा है।" उन्होंने कहा, "इस देश को चलाने, नीति बनाने में और इस देश के प्रशासन में महिलाओं की एक बहुत बड़ी भूमिका होनी चाहिए। यह देश की आधी आबादी है।"
उन्होंने कहा कि जब महिलाएं आगे बढ़कर आएंगी और विधायक-सांसद से लेकर मंत्री और मुख्यमंत्री बनेंगी तो व्यवस्था में उस बदलाव को लाना संभव होगा, जिसके बारे में महिलाएं सोचती हैं। रेखा गुप्ता ने कहा, "देश में बेटियों की सुरक्षा की बात हो, बेटियों को आगे बढ़ाने की बात हो या आत्मनिर्भर बनाने की बात हो, उन सब व्यवस्थाओं को वे अपने हिसाब से ठीक कर सकती है।"
सीएम रेखा गुप्ता ने कहा, "मैं प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का धन्यवाद करती हूं, जिन्होंने विधेयक को लाने के लिए देश में एक बड़ा प्रयास किया है। जहां एक ओर हम बात करते थे 'बेटी बचाओ' की, उससे आगे बढ़कर हमने 'बेटी पढ़ाओ' की बात की और अब 'बेटी बढ़ाओ' तक हम लोग पहुंच रहे हैं।"
--आईएएनएस
डीसीएच/

