महिला आरक्षण से लोकतंत्र अधिक समावेशी और मजबूत बनेगा : सुषमा खर्कवाल
लखनऊ, 9 अप्रैल (आईएएनएस)। महिला आरक्षण बिल को लखनऊ की मेयर सुषमा खर्कवाल ने महिलाओं के सशक्तीकरण और समावेशी लोकतंत्र के लिए बेहद जरूरी कदम बताया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को अब राजनीति में उचित भागीदारी मिलने जा रही है, जो देश के लोकतंत्र को मजबूत बनाएगा।
उन्होंने प्रधानमंत्री मोदी की सराहना करते हुए कहा कि जब वे 2014 में केंद्र की राजनीति में आए और प्रधानमंत्री बने, तब उन्होंने महिलाओं से वादा किया था कि वे महिला आरक्षण बिल लेकर आएंगे। आज उन्होंने अपना वादा पूरा किया है। मैं सभी बहनों की तरफ से उन्हें बहुत-बहुत बधाई और हार्दिक शुभकामनाएं देती हूं।
उन्होंने यह भी कहा कि प्रधानमंत्री ने अब तक जनता से किए गए लगभग सभी वादों को पूरा किया है। लखनऊ मेयर ने उदाहरण देते हुए कहा कि जनधन योजना में महिलाओं के नाम पर बैंक खाते खुलवाए गए, राशन कार्ड में महिलाओं को मुखिया बनाया गया, आवास योजनाओं में घर महिलाओं के नाम पर दिए गए और गैस कनेक्शन भी महिलाओं के नाम पर जारी किए गए। ये सभी कदम महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में बहुत महत्वपूर्ण हैं।
लखनऊ मेयर ने 'नारी शक्ति वंदन' जैसे प्रयासों का जिक्र करते हुए कहा कि प्रधानमंत्री ने अपने हालिया ब्लॉग में भी विपक्ष से सहयोग की अपील की है। उन्होंने कहा कि संसद में महिला आरक्षण से लोकतंत्र और अधिक समावेशी और मजबूत बनेगा। महिलाएं हर क्षेत्र में आगे बढ़ रही हैं, लेकिन राजनीति में उनकी भागीदारी अब भी कम है, जिसे इस बिल के जरिए बढ़ाया जा सकता है। 2014 के बाद से महिलाओं को लगातार सम्मान और अवसर दिए गए हैं। आज देश की राष्ट्रपति भी महिला हैं, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल भी महिला हैं और मैं खुद लखनऊ की मेयर हूं। इससे पहले शायद ही किसी प्रधानमंत्री ने महिलाओं को इतना सम्मान दिया हो।
उन्होंने महिलाओं की कार्यशैली की सराहना करते हुए कहा कि जिस तरह महिलाएं घर का बजट संभालती हैं और हर छोटी-बड़ी चीज का ध्यान रखती हैं, उसी तरह वे समाज और प्रशासन को भी बेहतर तरीके से चला सकती हैं। जैसे मैं अपने नगर निगम को अपने घर की तरह संभालती हूं, उसी तरह महिलाएं जिम्मेदारी मिलने पर बेहतर काम करती हैं। सभी दलों को इस बिल का समर्थन करना चाहिए। विपक्ष के घरों में भी महिलाएं हैं और उनका सम्मान होना चाहिए। भारत में महिलाओं का सम्मान सर्वोपरि है।
--आईएएनएस
वीकेयू/एबीएम

