Samachar Nama
×

महिला आरक्षण पर सरकार गंभीर, जरूरत पड़ी तो बुलाएंगे विशेष सत्र: भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह

महिला आरक्षण पर सरकार गंभीर, जरूरत पड़ी तो बुलाएंगे विशेष सत्र: भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह
महिला आरक्षण पर सरकार गंभीर, जरूरत पड़ी तो बुलाएंगे विशेष सत्र: भाजपा प्रवक्ता आरपी सिंह

नई दिल्ली, 12 नवंबर (आईएएनएस)। भाजपा के राष्ट्रीय प्रवक्ता आरपी सिंह ने परिसीमन और महिला आरक्षण को लेकर प्रस्तावित विशेष संसद सत्र, पाकिस्तान से बातचीत की फारूक अब्दुल्ला की अपील, सोनिया गांधी की किताब पर प्रियंका गांधी के बचाव और उत्तर प्रदेश की राजनीति से जुड़े मुद्दों पर प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि सरकार महिला आरक्षण को लेकर गंभीर है और जरूरत पड़ने पर विशेष संसद सत्र भी बुलाया जा सकता है। वहीं, उत्तर प्रदेश में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की बुलडोजर कार्रवाई को कानून-व्यवस्था में सुधार का अहम कारण बताया।

परिसीमन को लेकर प्रस्तावित विशेष संसद सत्र के सवाल पर आरपी सिंह ने कहा कि भाजपा चाहती है कि महिला आरक्षण लागू हो और महिलाओं को उनका अधिकार मिले। महिला आरक्षण के साथ जरूरी प्रावधान भी होने चाहिए, ताकि महिलाओं को नए परिसीमन के हिसाब से अधिकार मिल सकें। सरकार इस विषय को लेकर गंभीर है और आवश्यकता पड़ने पर विशेष सत्र बुलाने का विकल्प भी मौजूद है।

नेशनल कॉन्फ्रेंस के नेता फारूक अब्दुल्ला की पाकिस्तान से बातचीत करने की अपील पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि बातचीत की स्थिति तभी बन सकती है, जब आतंकवाद और आतंकवादियों का भारत आना बंद हो। उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि यदि कोई व्यक्ति घर में घुसकर परिवार के सदस्यों की हत्या कर दे, तो उससे बातचीत करने के बजाय कार्रवाई की जाएगी। पाकिस्तान की ओर से आतंकवादी गतिविधियां बंद होने के बाद ही बातचीत संभव हो सकती है।

प्रियंका गांधी द्वारा सोनिया गांधी की किताब का बचाव किए जाने पर आरपी सिंह ने कहा कि किताब में लिखी बातों पर सवाल उठना स्वाभाविक है। उन्होंने इंदिरा गांधी और दरबार साहब पर हमले से जुड़े सोनिया गांधी के विचारों का उल्लेख करते हुए सवाल किया कि यदि उन्हें इस घटना को लेकर इतना दुख था तो माफी क्यों नहीं मांगी गई। सोनिया गांधी के पति की ओर से भी उस समय माफी नहीं मांगी गई थी।

आरपी सिंह ने बाबरी मस्जिद विध्वंस को लेकर सोनिया गांधी के कथित भावनात्मक बयान पर भी सवाल उठाया। उन्होंने इसे चयनात्मक प्रतिक्रिया बताते हुए कहा कि ऐसे मामलों में एक पक्ष का बचाव और दूसरे पक्ष पर सवाल उठाने से प्रश्न खड़े होंगे। सोनिया गांधी की किताब में लिखी बातों को लेकर सार्वजनिक चर्चा होना स्वाभाविक है।

उत्तर प्रदेश में एआईएमआईएम और चंद्रशेखर आजाद के गठबंधन को लेकर आरपी सिंह ने कहा कि इस तरह के प्रयास पहले भी किए जा चुके हैं। उन्होंने कहा कि प्रदेश के लोगों ने मन बना लिया है कि योगी आदित्यनाथ की सरकार को फिर से लाना है। उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि इन दलों को नोटा से भी कम वोट मिलेंगे।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अपराध के खिलाफ बुलडोजर कार्रवाई पर भाजपा प्रवक्ता ने कहा कि उत्तर प्रदेश में पहले गुंडों और माफिया का राज चलता था, जिससे आम लोगों को परेशानी होती थी। उन्होंने कहा कि बुलडोजर कार्रवाई और अपराधियों के खिलाफ हुई कार्रवाई से प्रदेश के लोगों को राहत मिली है। आरपी सिंह ने दावा किया कि गुंडों और माफिया पर कार्रवाई के कारण उत्तर प्रदेश की कानून-व्यवस्था में सुधार हुआ है। प्रदेश में पहले जैसी स्थिति अब नहीं है और सरकार की कार्रवाई से लोगों को राहत मिली है।

--आईएएनएस

पीएसके/वीसी

Share this story